पुलिस ने कहा कि तहसीलदार या मंडल राजस्व अधिकारी (एमआरओ) विजया रेड्डी अपने चैम्बर में थीं, उसी समय हमलावर वहां पहुंचा और उसने उनके ऊपर पेट्रोल फेंक कर आग लगा दी।
महिला अधिकारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, और एमआरओ को बचाने की कोशिश में दो कर्मचारी घायल हो गए। उनमें से एक की हालत गंभीर बताई गई है।
पुलिस ने कहा कि हमलावर की पहचान सुरेश मुदिराजू के रूप में हुई है और इस घटना में वह भी झुलस गया और कार्यालय से बाहर भाग गया। कथित रूप से वह एक अस्पताल में भर्ती है।
पुलिस ने कहा कि यह घटना भोजनावकाश के दौरान घटी, जब कार्यालय में ज्यादा लोग नहीं थे।
सुरेश इस बात से गुस्से में था कि अदालत के आदेश के बावजूद अधिकारी उसके भूमि दस्तावेज में त्रुटियों को दुरुस्त नहीं कर रहे थे।
इस घटना से सरकारी अधिकारियों के बीच दहशत का माहौल पैदा हो गया। कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और उन्होंने सुरक्षा की मांग की।
रचकोंडा के पुलिस आयुक्त महेश भागवत और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।
पुलिस का मानना है कि सुरेश महिला अधिकारी की हत्या की पूरी योजना बनाकर उसके कार्यालय पहुंचा था।

إرسال تعليق