धारावाहिक 'राम सिया के लव-कुश' का विरोध, प्रदर्शनकारियों पर चलाई गोली


हिंदी धारावाहिक 'राम सिया के लव-कुश' के विरोध में पंजाब के कई हिस्सों में शनिवार को वाल्मीकि समुदाय के लोगों ने राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया। इस दौरान राज्य में छिटपुट झड़पें देखने को मिली। प्रदर्शनकाारियों ने इस टीवी सीरियल को बंद करने की मांग की है।

फाजिल्का शहर में प्रदर्शनकारियों व व्यापरियों के बीच उस समय झड़प हो गई, जब वाल्मीकियों ने व्यापारियों और दुकानदारों को उनकी दुकानों के शटर नीचे करने के लिए कहा।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने व्यापारियों पर पथराव किया। इस घटनाक्रम में एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। यहां एक किराने की दुकान भी क्षतिग्रस्त हो गई।

अमृतसर में वाल्मीकि संगठनों के आह्वान पर सभी बाजार बंद रहे। यहां किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।

नकोदर शहर में एक दुकानदार निरवैल सिंह ने कथित तौर पर एक प्रदर्शनकारी को गोली मार दी, जो उस पर उसकी दुकान बंद करने के लिए दबाव डाल रहा था।

प्रदर्शनकारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया और दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया गया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुछ झड़पों को छोड़कर राज्य में कहीं भी हिंसा की कोई बड़ी घटना नहीं हुई।

Post a Comment

أحدث أقدم