अनुच्छेद 370 हटाने के फैसले पर पाकिस्तान ने फिर खटखटाया अमेरिका का दरवाजा


इस्लामाबाद, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने शुक्रवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर कश्मीर की स्थिति पर चर्चा की। पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने टेलीविजन पर अपने संबोधन में कहा, "प्रधानमंत्री ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को पाकिस्तान के रुख से अवगत करवाया। प्रधानमंत्री दुनिया के नेताओं के साथ बात कर रहे थे और उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप के साथ क्षेत्र के हालात की चर्चा की, खास तौर से अधिकृत कश्मीर के संबंध में।"

उन्होंने कहा, "क्षेत्र में शांति को खतरा को लेकर पाकिस्तान के संदेह से अवगत कराया गया।"भारत द्वारा संविधान के अनुच्छेद 370 को हटाने का फैसला लेने के बाद नई दिल्ली और इस्लामाबाद के बीच तनाव बढ़ गया।

भारत के संविधान में अनुच्छेद 370 के तहत जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा प्राप्त था जिसे निरस्त कर दिया गया है।

कुरैशी के अनुसार, इमरान खान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के पांच स्थायी सदस्यों में से चार सदस्यों के साथ बातचीत करके उनको कश्मीर के हालात से अवगत कराया है।

कुरैशी ने कहा, "पाकिस्तान ने राष्ट्रपति ट्रंप के अलावा ब्रिटेन के प्रधानमंत्री और रूस के विदेश मंत्री से भी बात की है। हमने पांच स्थायी सदस्यों में से चार सदस्यों से सीधा संपर्क किया। वे पाकिस्तान के रुख से अवगत हैं। हम कोशिश कर रहे हैं कि प्रधानमंत्री इमरान खान की बातचीत फ्रांस के राष्ट्रपति से भी हो।"

Post a Comment

أحدث أقدم