मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने के बाद मानुषी छिल्लर दो दिन पहले भारत लौटीं और कल मीडिया से मुखातिब हुईं। इस मौके पर मानुषी ने अपने बॉलीवुड डेब्यू से लेकर पद्मावती तक जैसे मुद्दों पर खुलकर सवालों के जवाब दिए। संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी फिल्म ‘पद्मावती’ पर जारी विवाद के बीच अब मिस वर्ल्ड 2017 मानुषी छिल्लर ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने ‘पद्मावती’ एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा है कि भारत की महिलाएं हमेशा ही चुनौतियों का सामना करती हैं और दूसरों के लिए मिसाल कायम करती हैं।
मानुषी ने ‘पद्मावती’ विवाद पर कहा, ‘भारतीय महिलाओं में एक बात की समानता है। हम चुनौतियों को स्वीकार करते हैं। हम यह बात जानते हैं कि यह वुमन फ्रेंडली सोसायटी (महिलाओं के अनुकूल समाज) नहीं है, लेकिन एक व्यक्ति के तौर पर हमने हमेशा ही दूसरों को प्रेरणा देने का काम किया है और महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ाया है।’ मिस वर्ल्ड 2017 बनीं हरियाणा की मानुषी छिल्लर ने यह बात सोमवार को मुंबई में मीडिया को संबोधित करते हुए कही।
हरियाणा की रहने वाली मानुषी ने बताया कि बॉलीवुड में सभी कलाकार अच्छे है लेकिन आमिर और पूर्व मिस वर्ल्ड प्रियंका चोपड़ा उनकी पसंदीदा है। मिस वर्ल्ड का कहना है कि वह जाने-माने अभिनेता आमिर खान की फिल्म में काम करना पसंद करेंगी क्योंकि सुपरस्टार सामाजिक-प्रासंगिक फिल्में बनाने के लिए जाने जाते है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं निश्चित रूप से आमिर खान की फिल्म में काम करना चाहती हूं। मेरा सोचना है कि उनके पास कुछ चुनौतीपूर्ण भूमिकाएं रहती हैं जो वह आपको देते है। इसके साथ ही उनकी फिल्मों में एक संदेश होता है जो समाज के साथ जोड़ता है। इसलिए ऐसा करना काफी रोचक होगा। अभिनेत्रियों में मेरी पसंदीदा प्रियंका चोपड़ा है। ’’

إرسال تعليق