दिग्गज तकनीकी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट का अमेरिका के रेडमंड स्थित 500 एक़़ड में फैला मुख्यालय अपने प्राकृतिक वातावरण के लिए जाना जाता है। इसी क्रम में कंपनी ने अपने कर्मचारियों के लिए मुख्यालय के नजदीक ही 'ट्री हाउस' बनाए हैं। कंपनी की कोशिश है कि इससे उनके कर्मचारी 'क्रिएटिव' और 'खुश' रहेंगे। इसका सीधा असर उनकी कार्यक्षमता पर पड़ेगा।
माइक्रोसॉफ्ट ने ब्लॉग के ज़रिए बताया है कि कंपनी ने वॉशिंगटन स्थित अपने कॉर्पोरेट हेडक्वॉर्टर में 3 ट्री हाउस बनाए हैं। इनमें से दो ट्री हाउस शुरू हो चुके हैं जबकि एक इस साल के अंत तक बनकर तैयार होगा। ज़मीन से करीब 12 फीट ऊपर स्थित इस ट्री हाउस में वाई-फाई कनेक्टिविटी, कैफेटेरिया जैसी सुविधाएं भी हैं।
12 फीट की ऊंचाई पर बना ये ट्री हाउस मीटिंग के लिए भी उपयोग किया जा सकेगा। ट्री हाउस में कर्मचारी मशीन या इमारतों से अलग लक़ि़डयों और हरियाली के बीचोंबीच बैठकर काम कर सकेंगे। इनकी उम्र 20 साल है और इन्हें ऐसे डिजाइन किया गया है ताकि पेड़ों के बढ़ने के साथ इनका ढांचा भी बदला जा सके। माइक्रोसॉफ्ट ने कर्मचारियों को अच्छा माहौल देने के लिए कुछ दिन पहले ही कंपनी में सर्वे किया था। इसमें उन्होंने कहा था कि अगर मौका मिला तो वह बाहर बैठकर काम करना पसंद करेंगे।



إرسال تعليق