कोरोना वायरस की नई लहर से दिल्ली से महाराष्ट्र तक का बुरा हाल होता दिख रहा है। एक बार फिर से महाराष्ट्र कोरोना की रडार पर है और यहां मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। दिल्ली में भी कोरोना की रफ्तार तेज होती जा रही है। दिल्ली में जहां एक दिन में 400 से अधिक कोरोना के केस सामने आए, वहीं महाराष्ट्र में यह आंकड़ा 14 हजार पार कर गया। नागपुर में कोरोना लॉकडाउन का ऐलान कर दिया गया है, मगर जिस तरह से मामले बढ़ रहे हैं, ऐसी आशंका जताई जा रही है कि ऐसे प्रतिबंध अन्य कई जगहों पर लग सकते हैं।
दरअसल, महाराष्ट्र में गुरुवार को कोरोना वायरस के 14,317 मरीज मिले, जो इस साल एक दिन में सबसे ज्यादा हैं। इसके बाद कुल मामले 22,66,374 पहुंच गए हैं। इतना ही नहीं, 57 संक्रमितों के दम तोड़ने के बाद राज्य में मृतकों की संख्या 52,667 पहुंच गई है। बीते साल सात अक्टूबर को एक दिन में 14,578 नए मामले रिपोर्ट हुए थे जिसके बाद से दैनिक मामलों में गिरावट दर्ज होने लगी थी। 14 फरवरी से महाराष्ट्र में कोरोना के लगातार मामले बढ़ रहे हैं।
नए मामलों के बाद दिल्ली में एक्टिव केस की संख्या भी बढ़कर दो हजार से अधिक हो गई है। दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, गुरुवार को कुल 2020 एक्टिव केस हो गए हैं। गुरुवार को कोरोना मुक्त होने के बाद 286 मरीजों को छुट्टी दी गई, जबकि तीन मरीजों ने कोरोना के कारण दम तोड़ दिया। दिल्ली में कोरोना के कुल मरीज 6,42,439 हो गए हैं। इनमें से 6,29,485 मरीज कोरोना से ठीक हो चुके हैं। वहीं, अब तक 10,934 मरीजों ने कोरोना के कारण दम तोड़ दिया है।
महाराष्ट्र में संक्रमण का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या एक लाख के पार चली गई है। राज्य में 1,06,070 लोग संक्रमण का उपचार करा रहे हैं। पिछले साल छह नवंबर को राज्य में संक्रमण के इलाजरत मरीजों की संख्या 1,02,099 थी। इसके बाद उपचाररत मरीजों की संख्या कम होने लगी थी। बहरहाल महाराष्ट्र में 14 फरवरी से दैनिक नए मामलों में बढ़ोतरी होने लगी। नागपुर शहर में सबसे ज्यादा 1701 नए मामले रिपोर्ट हुए हैं। इसके बाद पुणे में 1514 और मुंबई नगर में 1509 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। मुंबई में कोविड-19 के कुल मामले 3,38,643 पहुंच गए हैं तथा चार और लोगों की मौत के बाद शहर में कुल 11,519 संक्रमितों की मृत्यु हो चुकी है।




إرسال تعليق