विमान के अगले हिस्से में सवार एयरहोस्टेस ने बताया आखिर उस वक्त हुआ क्या था


कल वंदे भारत मिशन के तहत एयर इंडिया एक्सप्रेस की यह फ्लाइट AXB-1344 दुबई से कोझीकोड पहुंची थी। विमान की क्रैश लैंडिंग में 2 पायलट समेत 19 लोगों की मौत हो गई। 127 का इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि 15 की हालत गंभीर है। विमान में कुल 190 लोग सवार थे, इनमें 128 पुरुष, 46 महिलाएं, 10 बच्चे और 6 क्रू मेंबर्स थे।इस विमान हादसे के बाद अब ये पता लगाने की कोशिशें हो रही हैं कि आखिर क्रैश से पहले क्या हुआ था। इस बीच हादसे का शिकार हुए विमान की एयरहोस्टेस शिल्पा कटारे ने बताया कि आखिर उस वक्त हुआ क्या था।


एयरहोस्टेस शिल्पा कटारे विमान के अगले हिस्से में सवार थी। सौभाग्य से उनकी जान बच गयी। शिल्पा ने करिपुर एयरपोर्ट के एक सीनियर अधिकारी को बताया कि जैसे ही अनुभवी कप्तान दीपक साठे को इस बात का एहसास हुआ कि विज़िबिलिटी की कमी की वजह से उन्होंने रन वे को ओवर शूट कर दिया है, उन्होंने पूरे धैर्य के साथ विमान को काबू में करने की आखिरी दम तक कोशिश की।


शिल्पा कटारे ने बताया कि विमान के ब्रेक्स जाम हो गए थे और बारिश की वजह से रन वे पर फिसलन ज्यादा थी इसीलिए विमान आउट ऑफ कंट्रोल हो गया। बावजूद इसके पायलेट दीपक साठे ने विमान को रोकने की कोशिश की और किसी तरह पूरे के पूरे विमान को खाई में गिरने से बचा लिया जिसके चलते ज्यादातर लोगों की जान बच गई।


बता दें कि शुक्रवार शाम एअर इंडिया एक्सप्रेस का विमान करिपुर एयरपोर्ट की रनवे पर फिसलकर करीब 35 फुट गहरी खाई में गिर गया और दो हिस्सों में टूट गया। विमान में 10 नवजात समेत 184 यात्री, दो पायलट और चालक दल के चार सदस्य थे। 19 में से 18 शवों की पहचान कर ली गयी है वहीं 1 शव की पहचान अभी बाकी है। सभी शवों का पोस्टमार्टम कोविड प्रोटोकॉल के तहत ही होगा।

Post a Comment

أحدث أقدم