स्मार्टफोन
आज के इस दौर में स्मार्टफोन हर किसी के लिए सबसे बड़ी जरूरत बन चुका है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपके मोबाइल फोन पर टॉयलेट सीट से भी अधिक बैक्टीरिया हो सकते हैं? जी हां, मोबाइल फोन पर लगे जर्म्स और बैक्टीरिया भले ही आपको नजर न आएं, लेकिन आपका फोन आपको डायरिया और पेट से जुड़ी परेशानियां दे सकता है।
की-बोर्ड
आपके कंप्यूटर या लैपटॉप का की-बोर्ड भी आपको बीमार कर सकता है, क्योंकि इस पर आपकी टॉयलेट सीट से 200 गुना अधिक बैक्टीरिया मौजूद रहते हैं। ऐसे में की-बोर्ड का इस्तेमाल करते समय बिना हाथ धोए खाने-पीने से आप बीमार हो सकते हैं।
तकिया
जिस तकिए पर हर दिन सिर रखकर नींद लेते हैं, वही तकिया आपको बीमार बनाकर रातों की नींद भी हराम कर सकता है। दरअसल, तकिए में भी टॉयलेट सीट की तरह ही घातक बैक्टीरिया पाए जाते हैं, जिनमें से अधिकतर हमारे शरीर की ही देन होते हैं।
रिमोट कंट्रोल
टीवी का रिमोट कंट्रोल एक ऐसा डिवाइस है, जिसे घर के सभी सदस्य छूते हैं। कई बार रिमोट कंट्रोल बेड पर पड़ा रहता है या जमीन पर गिर जाता है। ऐसे में बीमारी फैलाने वाले ढेर सारे बैक्टीरिया उस पर आ जाते हैं। बार-बार रिमोट छूने और बगैर हाथ धोए खाने से बैक्टीरिया शरीर में प्रवेश कर जाते हैं और बीमारी का कारण बनते हैं।
रुपया
रुपए को दिनभर में कई सारे लोग अपने हाथों से छूते हैं। इतने सारे हाथों से गुजरने की वजह से इसमें ढेर सारे हानिकारक बैक्टीरिया चिपक जाते हैं। एक शोध के मुताबिक, एक नोट पर लगभग 3,000 अलग-अलग तरह के बैक्टीरिया मौजूद होते हैं जो हाथों से होते हुए मुंह के जरिए पेट में पहुंच सकते हैं और आपको बीमार कर सकते हैं।
पर्स
घर से बाहर जाते समय अधिकतर लोग पर्स या वॉलेट का इस्तेमाल करते हैं। कई बार हम पर्स को दुकान के काउंटर, बाथरूम के स्टॉल्स या कार की सीट पर रख देते हैं, जिससे इस पर ढेर सारे बैक्टीरिया आ जाते हैं। पर्स के जरिए ये बैक्टीरिया आपके शरीर में प्रवेश करके आपको बीमार कर सकते हैं।
एटीएम
एटीएम का इस्तेमाल दिनभर में न जाने कितने लोग करते हैं, जिनके चलते एटीएम मशीन के हर बटन पर अनगिनत बैक्टीरिया पनपने लगते हैं। अगर ये बैक्टीरिया आपके किसी घाव के संपर्क में आ जाएं तो आपको इंफेक्शन भी हो सकता है।
स्पंज
जिस स्पंज का इस्तेमाल गंदे बर्तनों को साफ करने के लिए किया जाता है, उस स्पंज में भी टॉयलेट सीट से ढाई लाख गुना ज्यादा बैक्टीरिया पाए जाते हैं। दरअसल, स्पंज अधिक समय गीला ही रहता है इसलिए ये सेहत के लिए खतरनाक भी साबित हो सकता है।
टूथब्रश
रोज सुबह उठकर आप जिस ब्रश से अपने दांतों की सफाई करते हैं, उसी ब्रश पर टॉयलेट के बैक्टीरिया भी मौजूद हो सकते हैं। दरअसल, जब भी हम फ्लश का इस्तेमाल करते हैं, तो उसके फोर्स से टॉयलेट के बैक्टीरिया हवा में आ जाते हैं। अगर उसी बाथरूम में आप अपना ब्रश रखते हैं तो ये बैक्टीरिया इस ब्रश पर आ जाते हैं।
सोप डिस्पेंसर्स
आप जिस सोप डिस्पेंसर का इस्तेमाल हाथ धोने के लिए करते हैं, वो आपको बीमार भी कर सकता है। पब्लिक टॉयलेट्स में लगे सोप डिस्पेंसर्स पर इतने अधिक बैक्टीरिया मौजूद होते हैं कि वे अगर शरीर में पहुंच गए तो आपको पेट दर्द भी हो सकता है।

एक टिप्पणी भेजें