पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज और मुंबई इंडियंस के स्काउट और विकेटकीपिंग सलाहकार किरण मोरे कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। आईपीएल फ्रेंचाइजी ने मंगलवार को बयान जारी कर बताया कि मोरे फिलहाल लक्षणरहित हैं और आईसोलेशन में रह रहे हैं। मुंबई इंडियंस और मोरे दोनों भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के स्वास्थ्य दिशा-निर्देशों का पालन कर रहे हैं। मुंबई इंडियंस की मेडिकल टीम लगातार मोरे के स्वास्थ्य पर निगरानी बनाए हुए है।
मुंबई इंडियंस ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘मोरे में अभी लक्षण नजर नहीं आ रहे हैं और उन्हें पृथकवास में रखा गया है। मुंबई इंडियंस और किरण मोरे भारतीय क्रिकेट बोर्ड के स्वास्थ्य दिशानिर्देशों का पालन कर रहे हैं। मुंबई इंडियंस की मेडिकल टीम मोरे के स्वास्थ्य की निगरानी करती रहेगी और बीसीसीआई के नियमों का पालन करेगी।’’
बता दें कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के सलामी बल्लेबाज देवदत्त पड्डिकल भी बेंगलुरू में शिविर से जुड़ने से पहले कोविड-19 पॉजिटिव पाए जाने के कारण घर में पृथकवास से गुजर रहे हैं। देश में कोविड-19 संक्रमण के मामलों में काफी इजाफा हुआ है। महाराष्ट्र इससे सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में शामिल है।



إرسال تعليق