देश में कोरोना ने तोड़े अब तक के सभी रिकॉर्ड, एक दिन में मिले इतने मरीज


देश में कोरोना महामारी की स्थिति बेहद गंभीर हो गई है। पहली बार एक दिन में एक लाख से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं और कुल संक्रमितों का आंकड़ा सवा करोड़ को पार कर गया है। हालांकि, पिछले दो दिनों की तुलना में मरने वालों की संख्या कम हुई है। परंतु, सक्रिय मामले तेजी से बढ़ रहे हैं और वर्तमान में इनका आंकड़ा सात लाख को पार कर गया है। महाराष्‍ट्र में कोरोना संक्रमण के चलते हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। बिगड़ती स्थिति पर काबू पाने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने 'वीकेंड लकडाउन' की घोषणा कर दी है।


इस तरह देश में कुल संक्रमितों का आंकड़ा सवा करोड़ से अधिक हो गया है, इनमें से करीब 1.17 करोड़ मरीज ठीक हो चुके हैं और 1,65,132 लोगों की जान भी जा चुकी है। सक्रिय मामले 7,37,876 हो गए हैं। इससे पहले, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक कुल संक्रमितों की संख्या 1.24 करोड़, ठीक हो चुके लोगों का आंकड़ा 1.16 करोड़ और मृतकों की संख्या 1,64,623 थी जबकि, सक्रिय मामले 6,91,597 थे।


महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ समेत देश के 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लगातार हालात गंभीर हो रहे हैं। ये राज्य हैं-महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, दिल्ली, बंगाल, राजस्थान, गुजरात, तेलंगाना, पंजाब और हरियाणा। इनमें से आठ राज्यों में तीन हजार से ज्यादा और तेलंगाना को छोड़कर शेष राज्यों में डेढ़ हजार से अधिक मामले सामने आए हैं।

Post a Comment

أحدث أقدم