राजस्थान के शेखावाटी इलाके में आज मौसम ने अचानक करवट बदल ली। लगातार पांच दिन से मानइस में रहे तापमान के बीच अंचल में शनिवार अल सुबह से ही मावठ का दौर शुरू हो गया। सीकर शहर, पलसाना, खाटूश्यामजी, रामगढ़ शेखावाटी, नीमकाथाना व टोडा सहित अंचल के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे पहले रात को ही छाए बादलों की वजह से तापमान में भी भारी उछाल दर्ज हुआ है। फतेहपुर के कृषि अनुसंधान केंद्र में शुक्रवार को जो न्यूनतम तापमान माइनस दो डिग्री दर्ज हुआ, वह आज अचानक 10 डिग्री उछलकर आठ डिग्री पहुंच गया। तापमान में आए इस बदलाव से सर्दी से मामूली राहत तो मिली है, लेकिन नम हवाओं के बीच धूप में तेजी नहीं होने से सर्दी अब दिन में भी सता रही है। जिसके चलते लोग दिन में भी रजाई से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। गर्म कपड़ों से लदे लोग जहां तहां आग व हीटर जलाकर भी सर्दी से बचने की कोशिश कर रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार मावठ का दौर आगे दो दिन और देखने को मिल सकता है।
तापमान में आए उछाल व मावठ से किसानों के मुरझाए चेहरे खिल उठे हैं। लगातार माइनस में दर्ज हो रहे पारे की वजह से कई जगह फसलों को पाला मारने से भारी नुकसान हो गया। लेकिन, अब बची फसलों के लिए मावठ अमृत साबित हो सकती है।
मावठ ने किसानों को राहत जरूरी दी है पर मौसम विभाग की ओलावृष्टि की चेतावनी भी चिंता का सबब बनी हुई है। स्काईमेट वेदर रिपोर्ट के अनुसार उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में शनिवार से हवाओं का रुख बदलेगा। इससे 6 जनवरी तक कई जगहों पर हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर तेज वर्षा तथा ओलावृष्टि होने की आशंका है। रिपोर्ट के अनुसार बारिश समेत मौसम में होने वाले इस बदलाव के चलते जहां सुबह और रात के तापमान में वृद्धि होने से भीषण सर्दी से लोगों को कुछ राहत मिलेगी वहीं दिन में कड़ाके की सर्दी का अनुभव आने वाले दिनों में किया जा सकता है। क्योंकि अधिकतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है।

إرسال تعليق