आईपीएल के इतिहास में एम एस धोनी ने हासिल किया खास मुकाम, सुरेश रैना ने दी बधाई


भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले क्रिकेटर बन गए, जिन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के अपने साथी सुरेश रैना (193 मैच) को पछाड़ा।

आईपीएल की 2008 से शुरुआत से सारे मैच खेलने वाले धोनी का चेन्नई के साथ यह 11वां सत्र है। 2 सत्र में वह राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स के लिए खेले थे, जब 2013 के स्पॉट फिक्सिंग मामले में चेन्नई को 2 साल का प्रतिबंध झेलना पड़ा था। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शुक्रवार को धोनी का चेन्नई के लिए 164वां मैच है। उन्होंने 2016 और 2017 में पुणे के लिए 30 मैच खेले।


रैना निजी कारणों से इस बार आईपीएल नहीं खेल रहे हैं। धोनी की कप्तानी में चेन्नई में 3 बार आईपीएल जीता जबकि रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस को 4 बार खिताब दिला चुके हैं। चेन्नई की टीम 8 बार फाइनल में पहुंची है। धोनी खुद 9 फाइनल खेले हैं। 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स टीम मुंबई के खिलाफ फाइनल खेली थी, जिसके हिस्सा धोनी थे।

सुरेश रैना ने ट्‍वीट करके धोनी को उनका रिकॉर्ड तोड़ने पर बधाई दी है। धोनी के नाम आईपीएल में 4446 रन हैं जबकि रैना ने 5368 रन बनाए हैं। धोनी और रैना के बाद सबसे ज्यादा आईपीएल खेलने के मामले में तीसरे नंबर पर रोहित शर्मा (192 मैच) और चौथे नंबर पर दिनेश कार्तिक (185 मैच) हैं।


इंडियन प्रीमियर लीग में एक ही टीम के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड भारतीय कप्तान विराट कोहली के नाम है, जिन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के लिए 180 मैच खेले हैं।

Post a Comment

أحدث أقدم