चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। दो खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ के 11 सदस्य कोरोना संक्रमित हो चुके हैं और सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज सुरेश रैना आईपीएल से हट चुके हैं। अब महेंद्रसिंह धोनी की इस टीम को एक और झटका लग सकता है क्योंकि अनुभवी स्पिनर हरभजन सिंह का भी खेलना संदिग्ध लग रहा है।
हरभजन सिंह के करीबी सूत्रों के अनुसार पारिवारिक कारणों के चलते उन्होंने आईपीएल में नहीं खेलने का मन बना लिया है। अगले सप्ताह वे इसकी आधिकारिक घोषणा कर सकते हैं। भज्जी का दो करोड़ में CSK के साथ करार हुआ था। आइपीएल के तीन खिताब जीत चुकी सीएसके की टीम से सुरेश रैना भी निजी कारणों से आइपीएल से हट चुके हैं। अभी रैना का विवाद थमा नहीं था कि भज्जी भी अब सीएसके को झटका देने को तैयार हैं।
तीन बार की चैंपियन चेन्नई टीम के सबसे प्रमुख बल्लेबाज सुरेश रैना आईपीएल से बाहर हो चुके हैं और अब यदि भज्जी भी हट गए तो टीम के लिए यह करारा झटका होगा। भज्जी ने पिछले साल आईपीएल में 16 विकेट हासिल किए थे। वे आईपीएल इतिहास के तीसरे सबसे सफल गेंदबाज हैं। वे 150 विकेट ले चुके हैं और इस मामले में सिर्फ लसित मलिंगा (170) और अमित मिश्रा (157) से पीछे चल रहे हैं।
यदि हरभजन ने नहीं खेलने का फैसला किया तो इससे चेन्नई टीम का संतुलन गड़बड़ा जाएगा क्योंकि उनके पास दो सीनियर भारतीय खिलाड़ियों की कमी हो जाएगी। इस समय उनके पास इन दोनों की काबिलियत वाले भारतीय खिलाड़ी उपलब्ध भी नहीं है। सुरेश रैना आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में विराट कोहली के बाद दूसरे नंबर पर है। अब देखना होगा कि महेंद्रसिंह धोनी की टीम इन दिग्गजों की कमी को कैसे भरेगी।
एक टिप्पणी भेजें