कोरोना महामारी के चलते मार्च से लागू देशव्यापी लॉकडाऊन को अनलॉक करने का पांचवां चरण 1 अक्तूबर से शुरू होगा। इसके दिशा-निर्देश अगले एक-दो दिन में जारी हो जाएंगे। माना जा रहा है कि अनलॉक-5.0 में मॉल, स्कूल, सिनेमाहाल खोलने को छूट मिल सकती है। वहीं पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर आवागमन के नियमों में भी ढील की उम्मीद की जा रही है।
फिलवक्त अनलॉक 4.0 चल रहा है जो 30 सितम्बर तक के लिए है। चौथे चरण में सरकार ने 21 सितम्बर से स्कूलों को आंशिक रूप से खोलने का इजाजत दी थी, लेकिन इसमें शर्तें थीं। इसमें कक्षाएं चलाने की नहीं बल्कि शिक्षकों से केवल परामर्श की इजाजत है। इसके लिए भी अभिभावकों से लिखित में सहमति लेना अनिवार्य है। पांचवें चरण में बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर 9वीं से 12वीं तक की नियमित कक्षाएं शुरू करने की उम्मीद की जा सकती है। आठवीं तक के बच्चों की कक्षाएं अभी भी संभव है कि न शुरू हों।
बीते छह महीने से मॉल में दुकानें बंद रहने से व्यापारियों-कारोबारियों को भारी नुक्सान हुआ है। आर्थिक गतिविधियों को सामान्य बनाने की दिशा में आगे बढ़ चुकी सरकार से व्यापारी उम्मीद कर रहे हैं कि अब मॉल खोलने की भी इजाजत दी जाए। मॉल बंद होने से उनमें बने मल्टीप्लैक्स के साथ-साथ सामान्य सिनेमाहाल भी बीते छह महीने से बंद हैं। त्यौहारी सीजन के मद्देनजर सरकार कुछ शर्तों के साथ सिनेमाहाल खोलने की इजाजत दे सकती है।
अनलॉक 5.0 में संभव है कि सरकार पर्यटन स्थलों को भी खोलने की इजाजत दे दे। हालांकि 21 सितम्बर के बाद कई ऐतिहासिक स्थलों पर पर्यटकों का आवागमन कुछ शर्तों के साथ खोल दिया गया है लेकिन अभी भी तमाम पर्यटन स्थलों पर आवागमन निषिद्ध है। यहां तक कि धार्मिक पर्यटन स्थलों पर भी सीमित संख्या में श्रद्धालुओं के आवागमन की इजाजत दी गई है।



إرسال تعليق