सियासी विवाद के बाद आज पहली बार आमने-सामने होंगे मुख्यमंत्री गहलोत और सचिन पायलट


सचिन पायलट की कांग्रेस से सुलह के 3 दिन बाद आज मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व डिप्टी सीएम पायलट का आमना-सामना होगा। जयपुर में आज कांग्रेस विधायक दल की बैठक विधानसभा या मुख्यमंत्री के घर हो सकती है। मीटिंग में दोनों खेमों के विधायक मौजूद रहेंगे। मीटिंग के बाद दोनों गुटों में मेल-मिलाप का दौर चलेगा। यह देखना दिलचस्प होगा कि गहलोत और पायलट की मुलाकात किस तरह से होती है।


गहलोत खेमे के विधायक बुधवार को जैसलमेर से जयपुर लौट आए। उन्हें फिर से उसी होटल फेयरमोंट में ठहराया गया है, जहां से वे 31 जुलाई को जैसलमेर गए थे। गहलोत ने इस पूरे सियासी घटनाक्रम पर कहा- ‘फॉरगेट एंड फॉरगिव, भूलो, माफ करो और आगे बढ़ो। यही प्रदेशवासियों और लोकतंत्र के हित में है।' 14 अगस्त से विधानसभा सत्र शुरू होगा।


गहलोत गुट के विधायकों की तो अभी तक होटल में बाड़ेबंदी जारी है, लेकिन पायलट गुट के विधायक अपने-अपने घरों पर ही हैं। दो दिन पहले से ही पायलट गुट के सभी विधायक बाड़ेबंदी से निकल चुके हैं। एक महीने बाड़ेबंदी में रहने के बाद मंगलवार शाम वे जयपुर लौट आए थे। बुधवार शाम 7 बजे पायलट के सरकारी आवास पर विधायकों की मीटिंग भी हुई, जिसमें आगे की स्ट्रैटजी तय की गई। हालांकि, इसे अनौपचारिक मुलाकात बताया गया।

Post a Comment

और नया पुराने