अब समय रहते भूकंप के बारे में अलर्ट कर देगा आपका स्मार्टफोन, गूगल ने शुरू किया नया फीचर


गूगल ने अपने यूजर्स के लिए एंड्रॉयड आधारित भूकंप का पता लगाने वाले ऐसे फीचर की घोषणा की, जो स्मार्टफोन यूजर्स को भूकंप के बारे में अलर्ट करेगा। इसमें एंड्रॉयड फोन एक मिनी सिस्मोमीटर बन जाएगा, जिसके साथ करोड़ों एंड्रॉयड फोन जुड़े होंगे जो मिलकर दुनिया का सबसे बड़ा भूकंप का पता लगाने वाला नेटवर्क बन जाएगा।


गूगल ने कहा कि वे कैलिफोर्निया में भूकंप की चेतावनी के साथ शुरुआत कर रहे हैं, क्योंकि यहां पहले से बढ़िया सिस्मोमीटर आधारित प्रणाली है। आगामी वर्षों में आप एंड्रॉयड फोन का इस्तेमाल करके कई राज्यों और देशों में भूकंप अलर्ट की अपेक्षा कर सकते हैं। कंपनी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, सभी स्मार्टफोनों में सूक्ष्म एक्सेलरोमीटर होता है, जो भूकंप के संकेत देने वाले सिग्नलों को समझ सकता है।


अगर फोन कुछ ऐसे संकेत पकड़ता है जो भूकंप हो सकता है तो वह इसे स्थान की जानकारी के साथ भूकंप का पता लगाने सर्वर पर भेजता है। वास्तव में भूकंप है या नहीं, इसका पता लगाने के लिए सर्वर कई फोनों से जानकारियों को एकत्रित करता है।


बता दें कि गूगल अपने यूजर्स के लिए तरह-तरह के फीचर्स और अपडेट्स लेकर आता रहता है। ऐसे में यह फीचर भी यूजर्स के लिए काफी काम का है। इस फीचर के आने के बाद यूजर्स को अचानक आने वाले भूकंप का अलर्ट मिल सकेगा और ऐसी आपदा से होने वाले जान के नुकसान में कमी लाने में मदद मिल सकेगी।

Post a Comment

أحدث أقدم