गुजरात पहुंचे BJP विधायकों का गहलोत सरकार पर बड़ा आरोप, कहा- परेशान कर रहे हैं


राजस्थान से गुजरात के पोरबंदर पहुंचे बीजेपी के छह विधायकों ने गहलोत सरकार पर मानसिक तौर पर परेशान करने का आरोप लगाया है। बीजेपी विधायक निर्मल कुमावत ने कहा, राजस्थान में इस वक्त कई तरह की राजनीतिक गतिविधियां चल रही हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पास बहुमत नहीं है और इसलिए राज्य सरकार बीजेपी विधायकों को मानसिक तौर पर परेशान कर रही है।

गुजरात में पोरबंदर हवाई अड्डे के बाहर मीडिया से बात करते हुए राजस्थान के बीजेपी विधायक निर्मल कुमावत ने कहा कि हमारे साथ और भी विधायक जुड़ेंगे। कुमावत ने आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार हमें उनके पक्ष में मतदान करने के लिए दबाव डाल रही है। इसलिए हम अगले 2 दिनों तक यहां रहेंगे।

इससे पहले जयपुर एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि छह यात्रियों को लेकर एक चार्टर विमान शनिवार को गुजरात में पोरबंदर के लिए रवाना हुआ है। विमान में बीजेपी विधायकों निर्मल कुमावत, गोपीचंद मीणा, जब्बार सिंह सांखला, धर्मेंद्र मोची और गुरदीप शाहपीनी के होने की सूचना है। वहीं बीजेपी सूत्रों का कहना है कि सभी विधायक एक रिसॉर्ट में रुकेंगे और सोमनाथ मंदिर में दर्शन करेंगे।

गौरतलब है कि राजस्थान का विधानसभा सत्र 14 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को समर्थन देने वाले कांग्रेस विधायकों को जैसलमेर के सूर्यगढ पैलेस में पिछले महीने के अंत में शिफ्ट किया गया था।

Post a Comment

أحدث أقدم