कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता संजय झा ने दावा किया है कि करीब 100 कांग्रेसी नेता पार्टी के आंतरिक हालात से नाखुश हैं और उन्होंने इस बाबत कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी को एक पत्र भी लिखा है। कांग्रेस से सस्पेंड चल रहे संजय झा ने आज एक ट्वीट कर ऐसा दावा किया है। उन्होंने ट्वीट में कहा कि अनुमान है कि सांसदों सहित करीब 100 कांग्रेसी नेता पार्टी की आंतरिक स्थिति से नाखुश हैं। इस बाबत उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को एक पत्र भी लिखा है। इसमें राजनीतिक नेतृत्व में बदलाव और सीडब्ल्यूसी में पारदर्शी चुनाव की मांग की गई है।
पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के आरोप में संस्पेंड चल रहे संजय झा पूर्व में कांग्रेस पर निशाना साधते रहे हैं। हाल के दिनों में उन्होंने कहा था कि अगर कांग्रेस ने अपना रास्ता ना बदला तो पार्टी तबाह हो जाएगी। एक लेख में उन्होंने कहा था कि कांग्रेस में विपरीत विचारों के लिए असहिष्णुता है। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस भाजपा पर तो ‘अवैध लोकतंत्र’ का लांछन लगाती है मगर खुद अपने भीतर राजशाही संस्कृति को बढ़ावा देती है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के पतन के पांच कारण भी बताए।




إرسال تعليق