आम आदमी की जेब पर एक नया बोझ पड़ने वाला है। अब आपको बैंक से अपना पैसा निकालना ही भारी पड़ेगा। क्योंकि आपको अपने पैसे बैंक से निकालने के लिए चार्ज देना होगा। कई बैंकों ने नए शुल्क की शुरुआत कर दी है, जो 1 अगस्त से लागू होगा। इसके अलावा कुछ बैंकों ने बचत खाते में जरूरी मिनिमम बैलेंस राशि बढ़ा दी है। पैसे निकालने पर चार्ज या मिनिमम बैलेंस राशि बढ़ाने वाले बैंकों में बैंक ऑफ महाराष्ट्र, एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और आरबीएल बैंक शामिल हैं।
बैंक ऑफ महाराष्ट्र के मेट्रो और शहरी क्षेत्रों के बचत खाताधारकों को अपने खाते में अब न्यूनतम 2,000 रु की मासिक औसत शेष राशि बनाए रखनी होगी, जबकि पहले ये सीमा 1,500 रुपये थी। 2000 रु न रखने पर आपको जुर्माना चुकाना होगा। बता दें कि मेट्रो और शहरी शाखाओं में 75 रुपये, अर्ध-शहरी शाखाओं में 50 रुपये और ग्रामीण शाखाओं में 20 रुपये प्रति माह का चार्ज लगेगा। करेंट अकाउंटहोल्डर्स के लिए मासिक औसत बैलेंस की सीमा न्यूनतम 5000 रु कर दी गई है।
एटीएम की ही तरह अपनी होम ब्रांच या अन्य किसी ब्रांच से आपको किसी महीने में अधिकतम 3 बार ही पैसे निकालने की फ्री लेन-देन की अनुमति होगी। इसके ऊपर आपको प्रति लेन-देन 100 रु का जुर्माना देना होगा। जबकि लॉकर के लिए डिपॉजिट कम कर दिया गया है, लॉकर किराए के बकाया के लिए जुर्माना बढ़ा दिया गया है।
एक्सिस बैंक खाताधारकों को 25 रुपये प्रति ईसीएस लेनदेन का चार्ज देना होगा, जो पहले जीरो था। इसने एक लिमिट के ऊपर लॉकर एक्सेस के लिए भी चार्ज लगाने का फैसला किया है। इसने 10, 20 और 50 रु वाले नोटों की कैश हैंडलिंग पर भी 100 रु प्रति बंडल (1000 नोट) का चार्ज शुरू करने का ऐलान किया है। एक्सिस बैंक की तरफ से भी इसके लिए डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने का हवाला दिया गया है।

कोटक महिंद्रा बैंक में बचत और कॉर्पोरेट सैलेरी खाता धारकों को हर महीने 5 फ्री एटीएम लेन-देन के बाद चार्ज देना होगा। 5 फ्री ट्रांजेक्शन के बाद एटीएम से कैश निकालने के लिए प्रति लेन-देन 20 रु और बिना पैसों की लेन-देन 8.5 रु प्रति लेन-देन का चार्ज देना होगा। इसके अवाला अपर्याप्त बैलेंस के कारण मर्चेंट आउटलेट्स या वेबसाइट या एटीएम पर हर असफल लेनदेन पर 25 रुपये का शुल्क लगाया जाएगा। कोटक महिंद्रा बैंक में खाताधारकों को अकाउंट कैटेगरी के आधार पर औसत न्यूनतम बैलेंस राशि न बनाए रखने पर भी जुर्माना देना होगा। इसके अलावा किसी महीने में 3 बार कैश निकालने पर कोई चार्ज नहीं होगा, मगर हर चौथे लेन-देन से प्रति लेन-देन 100 रु का चार्ज लगेगा।
एक टिप्पणी भेजें