रामजन्मभूमि के पुजारी समेत सुरक्षा में तैनात 16 पुलिसकर्मी भी कोरोना संक्रमित, मचा हड़कंप


राम जन्मभूमि परिसर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। राम जन्मभूमि के पुजारी प्रदीप दास कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके साथ ही राम जन्मभूमि परिसर में तैनात 16 पुलिसकर्मी भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। ऐसे में अब परिसर में तैनात हर पुलिसकर्मी का कोरोना टेस्ट हुआ है।

अब तैयारी में लगे कर्मचारियों को भी कोरोना टेस्ट होगा। इसके साथ ही पूरे परिसर को सैनेटाइज किया जाएगा। वहीं भूमिपूजन में आने वाले हर शख्स का कोरोना टेस्ट किया जाएगा। उसके बाद नेगेटिव रिपोर्ट आने के बाद ही परिसर में एंट्री मिलेगी। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का भी पूरा ख्याल रखा जाएगा।

बता दें कि राम जन्मभूमि में प्रधान पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास के साथ-साथ चार पुजारी राम लला की सेवा करते हैं। इन्हीं चार पुजारियों में से एक पुजारी प्रदीप दास की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। उन्हे होम क्वारनटीन कर दिया गया है। इसके साथ ही 16 पुलिसकर्मी भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं, जिन्हें क्वारनटीन किया गया है।

5 अगस्त को पीएम मोदी का अयोध्या आगमन है। पीएम मोदी राम मंदिर के भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ देश के तमाम गणमान्य लोग भी उपस्थित रहेंगे। इस भूमि पूजन कार्यक्रम की भव्यता और प्रचार में राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहा है।

Post a Comment

أحدث أقدم