भारतीय टीम के शॉर्ट फॉर्मेट के उपकप्तान रोहित शर्मा ने अपने करियर का 29वां वनडे इंटरनेशनल शतक 110 गेंदों में पूरा किया, जिसमें 8 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने वनडे करियर का 8वां शतक ठोका। इस मामले में रोहित शर्मा ने अपनी टीम के कप्तान विराट कोहली की बराबरी कर ली, जिन्होंने 8 शतक कंगारू टीम के खिलाफ इस फॉर्मेट में जड़े हैं। वहीं, सचिन तेंदुलकर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 9 शतक जड़े हैं।
रोहित शर्मा ने वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में दुनिया के चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। हिटमैन ने श्रीलंकाई टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज सनथ जयसूर्या को पीछे छोड़ दिया। जयसूर्या ने अपने वनडे करियर में 28 शतक ठोके थे। हालांकि, रोहित शर्मा से आगे अब ऑस्ट्रेलियाई टीम के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग (30), मौजूदा भारतीय कप्तान विराट कोहली (43) और क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर (49) हैं।
वहीं, भारतीय बल्लेबाजों की बात करें तो वे वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं, उनसे आगे विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर हैं। बता दें कि इसी मैच की शुरुआत में रोहित शर्मा वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज 9000 रन पूरे करने वाले दुनिया के तीसरे क्रिकेटर बने। रोहित शर्मा से पहले एबी डिविलियर्स और विराट कोहली ने ये कमाल अपनी-अपनी टीमों के लिए किया है।




إرسال تعليق