महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने सदन को संबोधित करते हुए 'हिंदुत्व' की विचारधारा पर कही ये बड़ी बात


महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव के बाद  मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सदन को संबोधित करते हुए रविवार को कहा कि  मैं एक भाग्यशाली मुख्यमंत्री हूं क्योंकि जिन्होंने मेरा विरोध किया वे अब मेरे साथ हैं और जो मेरे साथ थे वे अब विपक्ष में हैं। मैं यहां अपनी किस्मत और लोगों के आशीर्वाद के साथ हूं। मैंने कभी किसी को नहीं बताया कि मैं यहां आऊंगा लेकिन मैं आ गया। उन्होंने कहा कि मैंने देवेंद्र फडणवीस से बहुत कुछ सीखी हैं। मैं हमेशा उनका दोस्त बना रहूंगा। मैं अभी भी 'हिंदुत्व' की विचारधारा के साथ हूं और इसे कभी नहीं छोड़ूंगा। पिछले 5 वर्षों में, मैंने कभी भी सरकार को धोखा नहीं दिया है।

उन्होंने कहा कि मैं आपको (देवेंद्र फड़नवीस) 'विपक्ष का नेता' नहीं कहूंगा। लेकिन मैं आपको एक 'जिम्मेदार नेता' कहूंगा। अगर आप हमारे लिए अच्छे होते, तो यह सब (बीजेपी-शिवसेना में फूट) नहीं होता।

इससे पहले महाराष्ट्र बीजेपी विधायक दल के नेता देवेंद्र फडणवीस को विधानसभा में नेता विपक्ष बनाया गया। विधानसभा अध्यक्ष नाना पटोले ने सदन में इसकी घोषणा की। पटोले ने कहा कि विधानसभा में बीजेपी को विपक्षी पार्टी का दर्जा दिया गया है और फडणवीस विपक्ष के नए नेता होंगे। इसके बाद सीएम उद्धव ठाकरे और मंत्रियों ने फडणवीस को बधाई दी।

विधानसा में विपक्ष के नेता के चुनाव के पहले कांग्रेस के सीनियर नेता नाना पटोले महाराष्ट्र विधानसभा के निर्विरोध स्पीकर निर्वाचित हुए क्योंकि बीजेपी उम्मीदवार  किशन कथोरे के आज सुबह नामांकन वापस ले लिया था। इसके बाद सीएम उद्धव ठाकरे और कुछ सीनियर विधायक पटोले को स्पीकर के आसन तक ले गए। सीएम ठाकरे ने कहा कि मुझे खुशी है कि एक किसान का बेटा इस पद पर आसीन हुआ है। पटोले ने बीजेपी के हरीभाऊ बागड़े का स्थान लिया जो 2014 से 2019 के दौरान विधानसभा अध्यक्ष रहे थे।

उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास आघाडी सरकार ने शनिवार को राज्य विधानसभा में फ्लोर टेस्ट पास कर लिया था। कुल 288 सदस्यों वाले सदन में मतदान से पहले भाजपा के 105 विधायकों के बहिर्गमन करने के बाद कुल 169 विधायकों ने विश्वास मत के पक्ष में वोट दिया।

Post a Comment

أحدث أقدم