अब की बार पाकिस्तान कैसे मनाएंगे ईद, भारत से रिश्ते खत्म करने के बाद सताने लगा डर


धारा 370 के विरोध में  पाकिस्तान ने भारत के साथ कारोबारी रिश्ते खत्म करके खुद के पैर पर कुल्हाड़ी मारी है। अपने ही फैसले के बाद अब पाकिस्तान को डर सताने लगा है। डर इस बात का है कि ईद कैसे मनाएंगे। डर इसका भी है कि घर का बजट बिगड़ने से कैसे बचाएंगे और महंगाई डायन से अब कैसे बचा जाए। आलम यह है कि हर पाकिस्तानी घबराया हुआ है ईद पर इस बार महंगाई डायन की नजर है। पाकिस्तान में एक बार फिर खाने-पीने की महंगाई बढ़ने की आशंका है।

कारोबारियों के साथ-साथ पाकिस्तान की जनता भी मानती है कि इस बार ईद मनाना भी मुश्किल है। क्योंकि, भारत से बंद हुए प्रोडक्ट्स की वजह से महंगाई बढ़ सकती है। साथ ही घर का पूरा बजट बिगड़ सकता है. पहले ही महंगाई का बोझ झेलना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में अब महंगाई की दोहरी मार झेलना उनके बस से बाहर है. घरेलू महिला नजमा का कहना है कि बढ़ती महंगाई ने पहले ही किचन का बजट बढ़ा दिया है। जबकि, आमदनी में कोई इजाफा नहीं हुआ। दूध से लेकर सब्जी और मीट तक महंगे हैं और ऐसे में भारत के साथ कारोबार बंद होने से रसोई का खर्च और बढ़ने वाला है। समझ नहीं आ रहा कैसे घर चलाएंगे।

दुकान कारोबारियों का कहना है कि भारत के साथ कारोबारी रिश्ते खत्म करने का असर दिख रहा है। ईद में अब 3-4 दिन बचे हैं और बाजार में कोई रौनक नहीं है। सब्जी और प्याज के लिए पाकिस्तान भारत पर निर्भर है, जो ईद के लिए सबसे जरूरी सामान है। आशंका जताई जा रही है कि प्याज के दाम काफी बढ़ सकते हैं। प्याज कारोबारी इफ्तीकार ने न्यूज एजेंसी ANI से कहा कि इमरान खान क्या चाहते हैं हम क्या खाएं? घास? पाकिस्तान पहले ही कई सालों से भारी कर्ज के तले दबा हुआ है।

पाकिस्तानी सरकार ने अगस्त की शुरुआत में पेट्रोल-डीजल के दाम में 5 रुपए से ज्यादा की बढ़ोतरी की थी। एक तरफ जहां देश में तंगहाली है, वहीं पेट्रोल की कीमतें 117.83 रुपए प्रति लीटर पहुंच चुकी हैं। वहीं, डीजल का भाव 132.47 रुपए प्रति लीटर है। इसके अलावा केरोसिन और लाइट डीजल के दाम में भी 5 रुपए से लेकर 8.90 पैसे तक की बढ़ोतरी की गई थी। इसके अलावा पाकिस्तानी सरकार ने नान और रोटी के दाम भी बढ़ाए हैं। पहले 8 रुपए की मिलने वाली नान अब 15 रुपए में बिक रही है। वहीं, रोटी के दाम 12 रुपए पहुंच गए हैं। ऐसे में महंगाई का एक और झटका पाकिस्तान की आवाम को भूख से बिलखता छोड़ सकता है।

Post a Comment

أحدث أقدم