भारतीय वायुसेना का कहना है कि अभिनंदन ने पाकिस्तान का एफ-16 लड़ाकू विमान मार गिराया लेकिन उनकी रिहाई से पहले रिकार्ड वीडियो संदेश में इसका कोई उल्लेख नहीं है। पाकिस्तान सरकार ने स्थानीय समयानुसार रात साढ़े आठ बजे पायलट का वीडियो संदेश स्थानीय मीडिया को जारी किया। इस वीडियो में अभिनंदन ने बताया कि उसे कैसे पकड़ा गया। एक सूत्र ने कहा, ''उनका वीडियो संदेश रिकार्ड करने से उसे भारत को सौंपने में देरी हुई।'' भारत का पक्ष है कि अभिनंदन का विमान उस समय गिर गया जब भारतीय वायुसेना के विमानों ने 27 फरवरी को जम्मू कश्मीर में भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने के पाकिस्तान वायुसेना के प्रयासों को नाकाम किया था। इससे एक दिन पहले भारत ने पाकिस्तान के बालाकोट में आतंक रोधी अभियान चलाया था।
अभिनंदन विमान से तो बाहर निकल गए थे लेकिन वह पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में जाकर गिरे जहां पाकिस्तानी सेना ने उन्हें पकड़ लिया। पाकिस्तानी मीडिया की खबर है कि वाघा आव्रजन पर अभिनंदन के कागजात की जांच हो रही थी इसलिए उन्हें तुरंत भारतीय अधिकारियों को नहीं सौंपा गया। अटारी बॉर्डर आने के बाद विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान अमृतसर से दिल्ली लाया गया। रात 12 बजे वह विशेष विमान से पालम एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से उन्हें आरआर अस्पताल के लिए रवाना कर दिया गया। चार दिन तक वह अस्पताल में ही रहेंगे। इस दौरान डॉक्टरों की एक टीम उनकी निगरानी करेगी।

إرسال تعليق