1. पुराने और खट्टे दही से दही जमाना
ये दही जमाने का परंपरागत तरीका है। इसके लिए कम से कम आधा किलो दूध उबालें और ठंडा होने दें। एक कटोरी में दो चम्मच पुराना खट्टा दही लें और फेंट लें। जब दूध गुनगुना रह जाए तो उसे लगातार चम्मच से हिलाते हुए उसमें फेंटा हुआ खट्टा दही मिलाएं। जब ये अच्छी तरह मिल जाए तो इसे ढंककर अंधेरी जगह पर रख दें। इसे रातभर के लिए या कम से कम 5-6 घंटे के लिए बिना छेड़े ढंके हुए रखे रहने दे। जब दही जम जाए तो उसे फ्रिज में रख दें और दो दिन इस्तेमाल करें। और हां, इसमें से आखिर में थोड़ा सा दही बचाना न भूलें, जिससे आप अगली बार दही जमा सके।
2. लाल मिर्च से जमाएं दही
अगर आपके पास पुराना दही नहीं है, तो भी आप दही जमा सकते हैं। इसके लिए आपको सूखी लाल मिर्च चाहिए होगी। आधा किलो दूध उबालें और फिर उसे ठंडा होने दें। जब वो गुनगुना हो जाए तो 2-3 सूखी साबुत लाल मिर्च (डंठल सहित) दूध के बीचों बीच डाल दें। सूखी लाल मिर्च में लैक्टोबैसिल्ली होता है जो एक प्रकार का बैक्टीरिया है। जिसकी मदद से दूध से दही बनता है। हालांकि इस तरीके से बना दही ज्यादा गाढ़ा नहीं होता लेकिन इससे आप जो दही जमाएंगे, उस दही से दूसरा गाढ़ा दही जमा सकते हैं।
3. प्री-हीटेड माइक्रोवेव अवन में जमाएं दही
अगर आप चाहते हैं कि दही जल्दी जम जाए तो इसके लिए माइक्रावेव का इस्तेमाल करें। आधा किलो दूध उबालें और फिर उसे ठंडा होने दें। अब एक दूसरे बर्तन में (माइक्रोवेव का बर्तन हो तो बेहतर है) दो चम्मच फेंटे हुए दही को डालें और इसमें दूध मिला लें। फिर से ढंक लें। माइक्रोवेव को 180 डिग्री पर दो मिनट के लिए प्रीहीट करें फिर स्विच बंद कर दें। अब इसमें दूध का बर्तन रख दें। दही तीन या चार घंटे में जम जाएगा।




एक टिप्पणी भेजें