देश में जारी कोरोना वायरस की दूसरी लहर के बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को लॉकडाउन एक सप्ताह के लिए और बढ़ा दिया गया है। यह जानकारी खुद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करके दी है। मालूम हो कि देश के कई अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की तरह दिल्ली में भी कोरोना वायरस की वजह से हालात काफी गंभीर बने हुए हैं। पिछले कई दिनों से 300 से ज्यादा लोगों की जान जा रही है। दिल्ली में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पिछले रविवार को एक हफ्ते के लिए लॉकडाउन की अवधि को बढ़ाने की जानकारी दी थी।
दिल्ली सरकार ने शनिवार को भी कोविड 19 खिलाफ लड़ाई में दिल्ली की मदद करने के लिए पोर्टल की शुरुआत की। इस पोर्टल के जरिए भारत और विदेश में रहने वाले के लोग कोविड-19 के खिलाफ इस मुश्किल लड़ाई में मदद कर सकेंगे। दिल्ली सरकार इसके माध्यम से मिलने वाले तत्काल सहयोग से दिल्ली में ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर, डी-टाइप ऑक्सीजन सिलेंडर समेत अन्य चिकित्सा उपकरणों की किल्लत को खत्म करना चाह रही है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश में आपदाओं से निपटने में सरकारों की मदद करने में भारतीय और प्रवासी नागरिक हमेशा सबसे आगे रहे हैं। हम सभी से अनुरोध करते हैं कि जितना हो सके, उतना सहयोग करें।
إرسال تعليق