लगातार 4 दिन बंद रहेंगे बैंक, इससे पहले निपटा लें जरूरी काम


 तमाम बैंक यूनियनों ने 15-16 मार्च को दो दिनी हड़ताल का आह्वान किया है। केनरा बैंक ने अपने ग्राहकों को आगाह किया है कि इससे बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। प्रस्तावित हड़ताल से लोगों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए तमाम जरूरी बंदोबस्त किए जा रहे हैं। यहां ध्यान देने वाली बात है कि 13 को दूसरा शनिवार होने के कारण बैंकों का अवकाश है और 14 मार्च को रविवार की साप्ताहिक छुट्टी है। इस तरह बैंक लगातार 4 दिन बंद रहेंगे।


केनरा बैंक ने बताया कि उसे इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) की ओर से इस बारे में सूचना दी गई है। इसमें कहा गया है कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने बैंकिंग इंडस्ट्री में 15 मार्च और 16 मार्च को हड़ताल की घोषणा की है। यह किसी बैंक विशेष के बजाय इंडस्ट्री से जुड़े मसलों को लेकर की जा रही है। केनरा बैंक ने कहा कि प्रस्तावित हड़ताल के दिनों में भी बैंक की शाखाओं और ऑफिसों में सुचारु रूप से कामकाज चलता रहे, इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। यह अलग बात है कि इसके बावजूद बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ सकता है।


तमाम बैंक यूनियनों ने 15-16 मार्च को हड़ताल पर जाने का आह्वान किया है। इनमें ऑल इंडिया बैंक इंम्प्लॉयीज एसोसिएशन (एआईबीईए), ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कन्फेडरेशन (एआईबीओसी), एनसीबीई, एआईबीओए, बीईएफआई, आईएनबीईएफ, आईबीओसी, एनओबीडब्ल्यू, एनओबीओ और एआईएनबीओएफ शामिल हैं। इन्होंने दो सरकारी बैंकों के प्रस्तावित विलय के खिलाफ हड़ताल का एलान किया है।

Post a Comment

أحدث أقدم