टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में आज बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का तीसरा टेस्ट मैच खेल रही है। मैच की शुरुआत से कुछ पहले टीम इंडिया के युवा तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज आज उस वक्त भावुक हो गए, जब भारतीय टीम अपने राष्ट्रीय गान के सम्मान में एक साथ मैदान पर खड़ी थी। राष्ट्रगान के दौरान सिराज की आंखों से आंसू छलक पड़े। राष्ट्र गान पूरा होने के बाद साथी खिलाड़ी जसप्रीत बुमराह ने उन्हें दिलासा देते हुए चुप कराया।
सिराज का यह भावुक लम्हा टीवी प्रसारणकर्ता ने अपने कैमरे में कैद कर लिया। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी यह भावुक वीडियो क्लिप वायरल होने लगी। देशभक्ति पर सिराज की इस भावना को खूब पसंद किया जा रहा है। लोग उनकी तारीफ कर रहे हैं।
भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने भी सिराज के इस भावुक लम्हे की तस्वीर को ट्वीट करते हुए ‘चंद लोगों’ को खास संदेश दिया है। कैफ ने आंसू पोंछते सिराज की यह तस्वीर शेयर करते हुए इसके कैप्शन में लिखा, ‘मैं बस चंद लोगों से यह चाहता हूं कि वे यह फोटो याद रखें। यह मोहम्मद सिराज हैं और राष्ट्र गान का उनके लिए यह अर्थ है।’
कैफ ने यहां नाम तो किसी का नहीं लिया। लेकिन उनका इशारा उन लोगों की ओर है, जो देश में धार्मिक कारणों के चलते नफरत फैलाने का काम करते हैं। कैफ शायद यहां यह समझाने की कोशिश कर रहे हैं कि चाहे किसी भी भारतवासी का धर्म कोई भी हो। लेकिन देश के लिए सभी की भावना एक जैसी है।

एक टिप्पणी भेजें