दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर गहरे दबाव के क्षेत्र ने मजबूत होकर मंगलवार को चक्रवाती तूफान बुरेवी का रूप लिया और दो दिसंबर को इसके श्रीलंकाई तट को पार करने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के चक्रवात चेतावनी प्रभाग ने मंगलवार को बताया कि बंगाल की खाड़ी में उच्च दबाव के मंगलवार देर रात चक्रवाती तूफान के रूप में बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि इसके चक्रवाती तूफान के रूप में दो दिसंबर की शाम या रात को त्रिंकोमाली के निकट श्रीलंका तट से गुजरने का पूर्वानुमान है और इस दौरान 75 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी।
चक्रवात चेतावनी प्रभाग ने कहा कि इसके बाद इसके पश्चिम की ओर बढ़ने और तीन दिसंबर की सुबह मन्नार की खाड़ी और निकटवर्ती कोमोरिन इलाके में पहुंचने की संभावना है। इसके बाद यह संभवत: पश्चिम-दक्षिणपश्चिम की ओर बढ़ेगा और चार दिसंबर की सुबह कन्याकुमारी और पम्बन के बीच दक्षिण तमिलनाडु के तट से गुजरेगा। मौसम विभाग ने मछुआरे को चेतावनी देते हुए कहा है कि एक दिसंबर तक बंगाल की दक्षिण-पूर्व खाड़ी में एवं तीन दिसंबर तक बंगाल के दक्षिण-पश्चिम खाड़ी और पूर्वी श्रीलंका तट पास न जाएं। इसके अलावे मौसम विभाग ने दो से चार दिसंबर तक कोमोरिन क्षेत्र, मन्नार की खाड़ी, दक्षिण तमिलनाडु, केरल और पश्चिम श्रीलंका तट पर भी खतरे की चेतावनी दी है।

एक टिप्पणी भेजें