सुरेश रैना IPL में वापसी पर टीम के मालिक श्रीनिवासन ने कहीं ये बड़ी बात!


चेन्नई सुपरकिंग्स के मालिक एन. श्रीनिवासन के लिए सुरेश रैना ‘बेटे’ की तरह हैं। उन्होंने कहा कि इस हरफनमौला की टीम में वापसी पर फैसला कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाले टीम प्रबंधन द्वारा किया जाएगा।

पिछले हफ्ते रैना कोविड-19 के 13 मामले सामने आने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के दुबई में शिविर से लौट आए थे, जिसमें राष्ट्रीय टीम के तेज गेंदबाज दीपक चाहर भी शामिल थे। उनके ‘बायो बबल’ के कथित उल्लंघन के संबंध में कुछ विवाद था लेकिन इस खिलाड़ी ने इससे साफ इंकार किया है।


भारतीय क्रिकेट बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवासन शुरू में रैना के जाने से नाराज थे लेकिन बाद में वह थोड़े नरम हो गए। इस खिलाड़ी ने भी लगता है कि श्रीनिवासन से बात की है और उन्हें पितातुल्य बताते हुए संकेत दिया कि वह शायद शिविर में वापस लौट सकते हैं।

श्रीनिवासन ने कहा, ‘मैं उसे बेटे की तरह ही समझता हूं। आईपीएल में टीम की सफलता का कारण यह है कि फ्रेंचाइजी ने कभी भी क्रिकेट मामलों में अपनी नाक नहीं घुसाई है। इंडिया सीमेंट्स 60 के दशक से क्रिकेट चला रहा है। मैं हमेशा ऐसा ही रहूंगा।’


उन्होंने कहा, ‘हम टीम के मालिक हैं, हम फ्रेंचाइजी के मालिक हैं लेकिन हम खिलाड़ियों के मालिक नहीं हैं। टीम हमारी है लेकिन खिलाड़ी नहीं। मैं खिलाड़ियों का मालिक नहीं हूं।’ श्रीनिवासन का कहना है कि रैना पर फैसला टीम प्रबंधन लेगा जिसका मतलब कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और मुख्य कार्यकारी अधिकारी केएस विश्वनाथन से है।

Post a Comment

أحدث أقدم