कोलकाता और मुंबई के बीच हुई मैच में बने कई रिकॉर्ड्स, सबसे अहम रोहित के नाम


आईपीएल 2020 के पांचवें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 49 रनों से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा की 80 रनों की पारी की बदौलत 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 195 रन बनाए थे। इसके जवाब में कोलकाता की टीम निर्धारित ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 146 रन ही बना सकी। आइये जानें कि इस मैच में कौन-कौन से रिकॉर्ड्स बने और टूटे।


- इस मैच में जसप्रीत बुमराह ने अपने पहले तीन ओवर में सिर्फ पांच रन दिए। लेकिन अपने चौथे और आखिरी ओवर में उन्होंने 27 रन लुटा दिए। यह उनके IPL करियर का सबसे महंगा ओवर साबित हुआ।

- मुंबई इंडियंस की यूएई में यह पहली जीत है। इससे पहले मुबंई को लगातार छह मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। दरअसल, 2014 में मुंबई ने यूएई में अपने पांच मैच हारे थे और उसके बाद इस सीज़न के पहले मैच में भी उसे हार का सामना करना पड़ा था।


- इस हार के साथ ही कोलकाता का पिछले सात सालों से बना रहा एक रिकॉर्ड भी टूट गया। KKR ने साल 2013 से 2019 तक सभी सीज़न में अपने पहले मैच में जीत दर्ज की थी। इसमें से छह जीत उसे बाद में बल्लेबाज़ी करते हुए मिली थी जबकि एक मुकाबला उसने पहले खेलते हुए जीता था।


- इस मैच में 13 गेंदो में 18 रन बनाने वाले हार्दिक पांड्या पारी के 19वें ओवर में हिट विकेट के रूप में आउट हुए। पांड्या अपने आईपीएल करियर में पहली बार इस तरह आउट हुए। वहीं ओवर ऑल वह आईपीएल में हिट विकेट आउट होने वाले 11वें खिलाड़ी हैं। पांड्या को आंद्रे रसेल ने आउट किया। वहीं रसेल का आईपीएल में हिट विकेट के रूप में यह पहला विकेट है।

- इस मैच के शुरू होने से पहले रोहित के नाम आईपीएल में 194 छक्के थे। ऐसे में छठा छक्के लगाते ही रोहित ने अब आईपीएल में 200 छक्के पूरे कर लिए। रोहित से पहले क्रिस गेल, एबी डिविलियर्स और एमएस धोनी ये कारनामा कर चुके हैं। गेल के नाम आईपीएल में जहां 326 छक्के हैं। वहीं धोनी के नाम 212 और एबी डिविलियर्स के नाम 214 छक्के हैं। इस तरह रोहित अब आईपीएल में 200 छक्के लगाने वाले चौथे बल्लेबाज़ बन गए हैं।


- कोलकाता के खिलाफ इस मैच में सात रन बनाते ही रोहित आईपीएल में एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ बन गए थे। रोहित से पहले सनराइजर्स हैदराबाद के डेविड वॉर्नर आईपीएल में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ थे।

Post a Comment

और नया पुराने