जल्द ही यूपी की बेटी शिवांगी सिंह एलएसी पर राफेल लड़ाकू विमान उड़ाती दिखाई देंगी


उत्तर प्रदेश के वाराणसी की बेटी शिवांगी सिंह लड़ाकू राफेल विमान उड़ाने वाली पहली महिला पायलट बन गई हैं। शिवांगी को राफेल विमान के स्क्वाड्रन की पहली महिला पायलट बनने का गौरव हासिल हुआ है। उन्हें देश के सबसे ताकतवर और बाहुबली राफेल विमान उड़ाने की जिम्मेदारी मिली है। बेटी को मिले इस सम्मान के बाद पूरे परिवार में जबरदस्त उत्साह है और शिवांगी के परिवार को बधाइयां दी जा रही हैं।

शिवांगी सिंह को फाइटर पायलट बनने का जुनून उनके कर्नल रह चुके नाना से मिला था। साल 2015 में ये सपना तब पूरा हुआ, जब भारतीय वायुसेना में उनका सेलेक्शन फ्लाइंग अफसर के रूप में हुआ था। वाराणसी की रहने वाली फ्लाइट लेफ्टिनेंट शिवांगी सिंह इस वक्त राजस्थान एयरबेस में तैनात हैं और अभी मिग 21 लड़ाकू विमान उड़ाती हैं। जल्द ही यूपी की ये बेटी एलएसी पर राफेल लड़ाकू विमान उड़ाती दिखाई देंगी।

इसी साल 10 सितंबर को पांच राफेल लड़ाकू विमानों की पहली खेप अंबाला एयरबेस पर औपचारिक रूप से भारतीय वायुसेना में शामिल की गई थी। ये विमान वायुसेना के 17वें स्क्वाड्रन, "गोल्डन एरो" का हिस्सा बने। अंबाला में ही राफेल फाइटर जेट्स की पहली स्क्वाड्रन तैनात है। इस स्क्वाड्रन में 18 राफेल लड़ाकू विमान, तीन ट्रैनर और बाकी 15 फाइटर जेट्स होंगे।

Post a Comment

और नया पुराने