क्या सच में केंद्र सरकार की मदद से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया दे रहा है सभी महिलाओं के खाते में 4 लाख रुपये?


सोशल मीडिया पर कुछ समय से केंद्र सरकार की वैभव लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को 4 लाख रुपये तक का बिजनेस लोन देने का एक वीडियो मैसेज तेजी से फैलाया जा रहा है। इसमें बताया गया है कि केंद्र सरकार वैभव लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को अपना कारोबार शुरू करने के लिए 4 लाख रुपये तक का लोन दे रही है। साथ ही बताया जा रहा है कि ये लोन केंद्र सरकार की मदद से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया दे रहा है। साथ ही लोन अमाउंट सीधे आवेदन करने वाली महिला के बैंक अकाउंट में पहुंच रहा है। बता दें कि ये मैसेज पूरी तरह से झूठा है।

केंद्र सरकार ने साफ किया है कि इस तरह की कोई भी योजना नहीं चलाई जा रही है। महिलाएं ऐसे किसी भी मैसेज पर बिलकुल भरोसा न करें। इस मैसेज के जरिये आप धोखाधड़ी का शिकार हो सकती हैं। वीडियो संदेश में कहा जा रहा है कि कोरोना संकट के बीच केंद्र सरकार महिलाओं को ध्यान में रखकर वैभव लक्ष्मी योजना के तहत अपना कारोबार शुरू करने के लिए 4 लाख रुपये तक का लोन आसान शर्तों पर उपलब्ध करा रही है। ये लोन सीधे आपके बैंक अकाउंट में पहुंचेगा। जो भी महिला अपना कारोबार शुरू कर आत्मनिर्भर बनना चहती है उन्हें ये लोन मिलेगा।

PIB Fact Check में साफ कहा गया है कि यह दावा झूठा है। केंद्र सरकार की ऐसी कोई योजना नहीं है। बता दें कि पीआईबी भारत सरकार की नीतियों, कार्यक्रम पहल और उपलब्धियों के बारे में समाचार-पत्रों व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को सूचना देने वाली प्रमुख एजेंसी है। पीआईबी का सुझाव है कि कोरोना संकट की घड़ी में ही नहीं, देश में जब भी खराब हालात बनते हैं, तब ऐसी फेक न्यूज सोशल मीडिया में प्रसारित होती हैं। ऐसे में सोशल मीडिया से मिली सूचना को अच्छे से परखने के बाद ही भरोसा करें।



Post a Comment

أحدث أقدم