35 फीट गहरी खाई में गिरकर दो टुकड़ों में बंटा विमान, जानिए कैसे हुआ ये दर्दनाक हादसा


केरल के कोझीकोड एयरपोर्ट पर शुक्रवार शाम 7.41 बजे दिल दहलाने वाला हादसा हुआ। दुबई से आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट भारी बारिश के दौरान एयरपोर्ट के रनवे नंबर 10 पर लैंड कर रही थी। पायलट को लैंडिंग करने में दिक्कत आ रही थी। इसके चलते दो बार लैंडिंग टाल भी दी गई। तीसरी बार लैंडिंग की कोशिश के दौरान फ्लाइट फिसल गई और रन-वे से आगे निकल गई। विमान 35 फीट गहरी खाई में गिर गया।


इस बाेइंग 737 प्लेन की रनवे पर क्रैश लैंडिंग हुई। शहर में तेज बारिश हो रही थी। डीजीसीए के मुताबिक, विजिबिलिटी 2000 मीटर थी। रनवे नंबर 10 पर फिसलते हुए प्लेन आगे की ओर गया और खाई में गिर गया।’ हादसे तस्वीरें डराने वाली हैं। प्लेन का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आ रहा है। शुक्र है कि हादसे के बाद प्लेन में तुरंत आग नहीं लगी, जिसकी वजह उस समय वहां हो रही तेज बारिश थी।


इस हादसे में 18 लोगों की मौत हुई है। इनमें एयरफोर्स के रिटायर्ड विंग कमांडर दीपक वसंत साठे और को-पायलट अखिलेश कुमार भी शामिल हैं, जो विमान उड़ा रहे थे। हादसा खतरनाक था। विमान मलबे में बदल गया और इसके दो टुकड़े हो गए। 123 यात्री घायल हैं। इलाज करने वाले डॉक्टरों का कहना है कि कई की हालत गंभीर है।


मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि खराब मौसम की वजह से प्लेन ने लैंडिंग से पहले आसमान में चक्कर लगाए। यानी वह एक बार में ही रनवे पर नहीं उतरा। पायलट ने विमान को बचाने की पूरी कोशिश की। केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन ने बताया कि पायलट ने दूसरी कोशिश में प्लेन को लैंड कराया, लेकिन लैंडिंग कामयाब नहीं रही।


हालांकि, एयरपोर्ट अधिकारी और जानकार यह भी कह रहे हैं कि शुक्र है प्लेन में आग नहीं लगी, वरना ज्यादा लोगों की जान जाती। मलप्पुरम कलेक्टर ने बताया कि घटना स्थल पर बचाव अभियान पूरा हो गया है। सभी को मलप्पुरम और कोझीकोड के अस्पतालों में भेज दिया गया है। 

Post a Comment

أحدث أقدم