महाराष्ट्र में गुरुवार को फिर फूटा कोरोना बम, 316 मृतकों के साथ इतने नए केस


महाराष्ट्र में गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 11514 नए केस सामने आए हैं। इसी के साथ राज्य में कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 479779 पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक राज्य में कोरोना वायरस से 316 और लोगों की मौत हुई के साथ कुल मृतकों का आंकड़ा 16792 पहुंच गया है।


वहीं, मुंबई के धारावी में कोरोना वायरस का संक्रमण काफी हद तक थम चुका है। बीएमसी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक गुरुवार को धारावी में कोरोना के 8 नए केस सामने आए। इन केस के साथ धारावी में कोरोना वायरस कुल मामलों की संख्या 2597 पहुंच गई है।


नागपुर पुलिस के दो कर्मियों की बृहस्पतिवार को कोविड-19 से मौत हो गई, जो शहर के पुलिस बल में महामारी के कारण हुई मौत की पहली घटना है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। नागपुर पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि नागपुर शहर के सरकारी अस्पतालों में 50 वर्षीय एक हेड कांस्टेबल और 54 वर्षीय एक सहायक उप-निरीक्षक ने आज सुबह में कोविड-19 संक्रमण के कारण दम तोड़ दिया।


अधिकारी ने बताया कि हेड कांस्टेबल को धनटोली थाने में कार्यरत थे, जबकि एएसआई पुलिस मुख्यालय में तैनात थे। उन्होंने बताया कि नागपुर पुलिस में कोविड-19 के कारण हुई मौत की यह पहली घटना है। नागपुर जिले में कोविड-19 के 6,752 मामले हैं, जबकि 204 लोगों की मौत हुई है।

Post a Comment

और नया पुराने