चार दिवसीय टेस्ट को लेकर कोहली ने कही ये बड़ी बात


वनडे और टी 20 के बाद अब आईसीसी टेस्ट क्रिकेट के फॉर्मेट में भी काफी बदलाव करने के लिए तैयार है। टेस्ट क्रिकेट को फिर से फैंस का पसंदीदा फॉर्मेट बनाने की आईसीसी की पहल में पिंक बॉल के बाद चार दिवसीय फॉर्मेट पर विचार किया जा रहा है। हालांकि टेस्ट क्रिकेट को पसंद करने वाले कई पूर्व क्रिकेटर और समीक्षक इस विकल्प के पक्ष में नहीं है। इन्हीं में से एक हैं भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली। कोहली कई बार चार दिवसीय टेस्ट का विरोध कर चुके हैं। वहीं पूर्व इंग्लिश कप्तान केविन पीटरसन का कहना है कि अगर कोहली नहीं चाहते तो चार दिवसीय टेस्ट क्रिकेट नहीं होगा।

कोहली के साथ एक इंस्टाग्राम लाइव सेशन में फैंस से रूबरू हुए पीटरसन ने कहा, ‘‘मुझे विचार-विमर्श के लिए बुलाया गया और मैंने उन्हें कह दिया कि अगर विराट कोहली नहीं चाहता कि चार दिवसीय टेस्ट हो तो ऐसा नहीं होगा।’’ पीटरसन की ये बात सुनकर कोहली भी हंसने लगे।

कोहली पूर्व दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज एबी डीविलियर्स के साथ आईपीएल टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर में खेलते हैं, और ये दोनों खिलाड़ी अच्छे दोस्त भी हैं। इसलिए अपने आक्रामक रवैये के लिए मशहूर कोहली ने कहा कि वो मैदान पर डिविलियर्स को कभी स्लेज नीं करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘आपसी सम्मान के मामले में आईपीएल की बड़ी भूमिका रही है। मैं कभी एबी के साथ ऐसा (छींटाकशी) नहीं कर पाऊंगा। हमारे बीच ऐसी दोस्ती है जो इन चीजों से काफी ज्यादा समय तक बरकरार रहेगी।’’

हालांकि कोहली मैदान पर खिलाड़ियों के बीच हल्की स्लेजिंग और छींटाकशी को गलत नहीं मानते हैं। कोहली के इस रवैये की काफी आलोचना भी हुई है। हाल ही में न्यूजीलैंड दौरे पर जब भारतीय कप्तान ने कीवी टीम के कप्तान केन विलियमसन को आक्रामक सेंड-ऑफ दिया था तो फैंस और मीडिया ने उनकी कड़ी आलोचना की थी।

लेकिन कोहली ने साफ कहा कि वो अपनेअंदाज को नहीं बदलेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि सिर्फ कप्तान होने के कारण मुझे अपने रवैये में बदलाव करने की जरूरत है। जरूरी है कि मैं लुत्फ उठाऊं और इसके बाद रणनीति आती है।”

Post a Comment

और नया पुराने