क्रिस गेल के संन्यास के बारे में क्रिकेट वेस्टइंडीज (सीडब्ल्यूआई) ने रविवार को ट्विटर पर जानकारी दी। क्रिस गेल ने वेस्टइंडीज के लिए वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाए हैं। वे अपने देश के लिए रन बनाने के मामले में सिर्फ ब्रायन लारा से पीछे हैं। क्रिस गेल ने अबतक 284 वनडे मैचों में 9727 रन बनाए हैं। इसमें 23 शतक और 49 अर्धशतक शामिल हैं। ब्रायन लारा के नाम वनडे में 10,405 रन दर्ज हैं।
39 साल के गेल ने 2015 के विश्व कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ 215 रनों की पारी खेली थी। यह वनडे में किसी भी वेस्टइंडीज के बल्लेबाज का सर्वोच्च स्कोर है। वे दुनिया के उन चुनिंदा छह बल्लेबाजों में शामिल हैं, जिन्होंने वनडे में दोहरा शतक लगाया है। इन छह बल्लेबाजों में तीन भारत के हैं। भारत के रोहित शर्मा, सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग के अलावा गेल, मार्टिन गप्टिल और फखर जमां दोहरा शतक लगा चुके हैं।
क्रिस गेल की हाल में लंबे समय बाद अंतरराष्ट्रीय वनडे टीम में वापसी हुई है। उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले पहले दो वनडे मैचों के लिए टीम में शामिल किया गया है। गेल ने पिछले साल अक्टूबर में भारत और बांग्लादेश के दौरे पर जाने से मना कर दिया था। गेल ने देश के लिए आखिरी वनडे मैच पिछले साल जुलाई में खेला था।

إرسال تعليق