दक्षिण अफ्रीका दौरे से पहले भारतीय टीम को लगा करारा झटका


श्रीलंका के खिलाफ सीरीज खत्म करने के बाद टीम इंडिया 27 दिसंबर को दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना होगी।दक्षिण अफ्रीका दौरे पर होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया में शामिल हुए पार्थिव पटेल चोटिल हो गए हैं। गुजरात बनाम बंगाल के बीच हो रहे रणजी ट्रॉफी क्वार्टरफाइनल मैच में पार्थिव के दाएं हाथ की उंगली में चोट आई है। 


जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच के दौरान लंच ब्रेक से कुछ समय पहले गेंद पकड़ने की कोशिश में पार्थिव के हाथ में चोट लग गई और वह जमीन पर गिर पड़े। उन्हें तुरंत मैदान से बाहर ले जाया गया। इसके बाद पार्थिव पूरे दिन मैदान पर वापस नहीं आए। उनकी जगह अनुज रावल ने गुजरात टीम के लिए विकेटकीपिंग की।


कप्तान की चोट के बारे में बात करते हुए गुजरात के बल्लेबाज मनप्रीत जुनेजा ने कहा, “उन्हें एक ही उंगली पर दो या तीन बार चोट लगी और इस वजह से उन्हें काफी दर्द हो रहा था। मुझे नहीं पता कि इस समय उनकी हालत कैसी है।” टीम के कोच विजय पटेल का कहना है कि पार्थिव की चोट ज्यादा गंभीर नहीं है और वह जल्द ठीक हो जाएंगे। दक्षिण अफ्रीका सीरीज के जरिए पार्थिव को करीबन एक साल बाद टीम इंडिया में वापसी का मौका मिला है। ऐसे में ये चोट उनके लिए खतरा बन सकती है।

Post a Comment

أحدث أقدم