90 के दशक में बॉलीवुड में ममता कुलकर्णी ने अपने बोल्ड अभिनय से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई।
20 अप्रैल 1972 को मुंबई में जन्मी ममता कुलकर्णी ने बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1992 में प्रदर्शित फिल्म ‘तिरंगा’ से की।
राजकुमार और नाना पाटेकर की मुख्य भूमिका वाली इस फिल्म में ममता कुलकर्णी ने छोटी सी भूमिका निभाई थी। इसके बाद ममता कुलकर्णी ने ‘मेरा दिल तेरे लिये’ में काम किया लेकिन अपनी पहचान नहीं बना सकीं।
वर्ष 1993 में प्रदर्शित फिल्म ‘आशिक आवारा’ ममता कुलकर्णी के करियर की पहली हिट फिल्म साबित हुई। इस फिल्म में ममता कुलकर्णी और सैफ अली खान की जोड़ी को काफी पसंद किया गया। इसके बाद ममता कुलकर्णी ने ‘वक्त हमारा है’ और ‘क्रांतिवीर’ जैसी हिट फिल्मों में भी काम किया।
वर्ष 1995 में प्रदर्शित फिल्म ‘करण-अर्जुन’ ममता कुलकर्णी के करियर की सुपरहिट फिल्म साबित हुई। इस फिल्म में ममता कुलकर्णी ने सलमान खान के अपोजिट काम किया। सलमान खान और ममता कुलकर्णी की जोड़ी दर्शकों को बेहद पसंद आई। पुर्नजन्म पर आधारित यह फिल्म टिकट खिडक़ी पर सुपरहिट साबित हुई।
वर्ष 1995 में ही ममता कुलकर्णी की एक और हिट फिल्म ‘बाजी’ प्रदर्शित हुई। इस फिल्म में ममता कुलकर्णी ने आमिर खान के साथ काम किया था। इसी वर्ष प्रदर्शित सुपरहिट फिल्म ‘सबसे बड़ा खिलाड़ी’ में ममता कुलकर्णी और अक्षय कुमार की जोड़ी को भी दर्शकों ने बेहद पसंद किया।
वर्ष 1996 में प्रदर्शित राजकुमार संतोषी की फिल्म ‘घातक’ में ममता कुलकर्णी ने कैमियो रोल किया। इस फिल्म में उन पर फिल्माया गया गीत ‘कोई जाये तो ले आये’ दर्शकों के बीच काफी पसंद किया गया। इसके बाद ममता कुलकर्णी ने ‘नसीब‘, ‘चाइना गेट’,’छुपा रुस्तम’ और ‘किला’ जैसी कुछ फिल्मों में अभिनय किया। ममता कुलकर्णी इन दिनों बॉलीवुड में सक्रिय नहीं हैं।


إرسال تعليق