12 फरवरी को इस राज्य के टोल प्लाजा को फ्री करवाएंगे किसान


संसद में किसान आंदोलन को लेकर की गई टिप्पणियों के बाद किसान यूनियनों ने नए सिरे से आंदोलन को धार देने का फैसला किया है। प्रदर्शनकारी किसान यूनियनों ने 18 फरवरी को चार घंटे के राष्ट्रव्यापी ‘रेल रोको’ अभियान की बुधवार को घोषणा की।

संयुक्त किसान मोर्चा ने एक बयान में यह भी घोषणा की कि राजस्थान में 12 फरवरी से टोल संग्रह नहीं करने दिया जाएगा। बयान में कहा गया है कि पूरे देश में 18 फरवरी को दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक ‘रेल रोको’ अभियान चलाया जाएगा। ध्यान रहे कि तीन कृषि कानूनों को निरस्त किए जाने की मांग को लेकर इस महीने के शुरू में उन्होंने तीन घंटे के लिए सड़कों को अवरुद्ध किया था।

संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा कि 14 फरवरी को पुलवामा हमले की सालगिरह पर जवान और किसान के लिए कैंडल मार्च और मशाल जुलूस निकाले जाएंगे। 16 फरवरी को सर छोटू राम की जयंती पर किसान सॉलिडैरिटी शो करेंगे। किसान मोर्चा ने कहा कि हरियाणा के लोग बीजेपी और जेजेपी नेताओं पर किसानों के हित में दबाव बनाएं या फिर गद्दी छोड़ने को कहें।

गौरतलब है कि किसान संगठन दिल्ली के सिंघु, गाजीपुर और टीकरी बॉर्डर पर लगभग 80 दिनों से डेरा डाले हैं। इन किसानों की मांग है कि केंद्र सरकार तीन नए कृषि कानूनों को वापस ले। अपनी मांग को लेकर किसानों ने 26 जनवरी को ट्रैक्टर रैली निकाली थी। इस दौरान दिल्ली में कई जगहों पर हिंसा की घटना हुई। इसके बाद किसान संगठनों ने 6 फरवरी को 3 घंटे चक्का जाम का ऐलान किया था।

Post a Comment

और नया पुराने