राजस्थान सरकार ने तय की कोविड टेस्ट की कीमत, अब इससे ज्यादा रुपये नहीं ले सकेंगी निजी लैब


 राजस्थान में कोरोना के आंकड़े लगातार बढ़ते जा रहे है। ऐसे में बड़ी संख्या में लोग कोरोना की जांच करा रहे है लेकिन निजी लैब में उन्हें यह जांच कराने के लिए अब तक 1200 रुपये का शुल्क देना पड़ रहा था। ऐसे में अब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आम लोगों को राहत देते हुए फैसला किया है कि राज्य की निजी लैब में कोविड के लिए होने वाला आरटीपीसीआर टेस्ट अब 800 रुपए में किया जाएगा। 


शनिवार को चिकित्सा विभाग की वीडियो कांफ्रेंस के दौरान सीएम गहलोत ने यह बात कही। इस दौरान चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा, चिकित्सा राज्यमंत्री डॉक्टर सुभाष गर्ग समेत चिकित्सा विभाग के आला अधिकारी मौजूद रहे। सीएम की ओर से इस संबंध में घोषणा होने के बाद जल्द ही इसके औपचारिक आदेश जारी कर दिए जाएंगे।


बता दें कि राजस्थान में कोरोना जांच के लिए केवल आरटीपीसीआर टेस्ट ही किए जा रहे है। सीएम गहलोत ने कहा कि एंटीजन टेस्ट के लिए चीन से जो किट आई थी, वो फर्जी निकली। सभी किट को वापस चाइना भेजना पड़ा। उन्होंने कहा कि नया एंटीजन टेस्ट भी काम का नहीं रहा।


सीएम गहलोत ने कहा कि लोगों को यह भ्रम है कि गांवों में कोरोना नहीं फैल रहा है। जबकि हकीकत यह है कि अब तक कोरोना से जो मौत हुई है, उनमें से करीब 700 मौतें राजस्थान की ग्रामीण इलाकों में हुई है। उन्होंने हर विधानसभा में एक सीएचसी को आधुनिक बनाने की बात कही। साथ ही कहा कि वैक्सीन से ज्यादा काम तो मास्क करेगा।

Post a Comment

और नया पुराने