46 साल में पहली बार भारत के नाम दर्ज हुआ एक नया शर्मनाक रिकॉर्ड!

 
भारतीय गेंदबाजों के लिए वनडे क्रिकेट में फिलहाल वक्त अच्छा नहीं चल रहा है। यही कारण है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में दूसरे वनडे मैच के दौरान टीम इंडिया ने ऐसा खराब रिकॉर्ड बना दिया, जो उसके 978 मैचों के इतिहास में कभी नहीं हुआ था। वनडे सीरीज में पहले ही 1-0 से पीछे हो चुकी भारतीय टीम के लिए दूसरे वनडे की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाजों ने शतकीय साझेदारी कर डाली, जिससे टीम इंडिया ने एक अनचाहा रिकॉर्ड बना लिया।


सिडनी में हुए पहले वनडे में एरॉन फिंच और डेविड वॉर्नर ने भारतीय गेंदबाजों की धुनाई करते हुए 156 रनों की साझेदारी की थी। दोनों बल्लेबाजों ने यही सिलसिला दूसरे मैच में भी जारी रखा। दोनों ने एक बार फिर 100 से ज्यादा रनों की साझेदारी कर डाली।

इसके साथ ही वनडे क्रिकटे में अपने 46 साल और 978 मैचों के इतिहास में भारत ने एक नया शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। ये लगातार तीसरा वनडे मैच था, जिसमें भारत के खिलाफ विरोधी टीम की ओपनिंग जोड़ी ने 100 से ज्यादा रनों की पार्टनरशिप कर डाली।


इससे पहले फरवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ हुए मैच में मार्टिन गप्टिल और हेनरी निकोल्स ने 106 रनों की साझेदारी की थी, जबकि सिडनी में ही हुए पहले वनडे में वॉर्नर और फिंच ने 156 रन जोड़े थे। इस तरह पहली बार भारतीय गेंदबाज लगातार 3 वनडे मैचों में ओपनिंग जोड़ी को 100 रन से पहले तोड़ने में नाकाम रहे।

वॉर्नर और फिंच की जोड़ी ने इस मैच में 142 रनों की साझेदारी की। 23वें ओवर की पांचवीं गेंद पर मोहम्मद शमी ने फिंच (60) का विकेट हासिल कर इस जोड़ी को तोड़ा और टीम को पहली सफलता दिलाई। इसके कुछ ही देर बाद वॉर्नर भी 83 रन बनाकर रन आउट हो गए।

Post a Comment

और नया पुराने