जसप्रीत बुमराह ने पूरा किया विकेटों का शतक, अपने नाम दर्ज किया खास रिकॉर्ड


 मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने बुधवार को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ एक शानदार रिकॉर्ड बनाया है। वर्तमान में दुनिया के सबसे तेज गेंदबाजों में शुमार बुमराह ने आईपीएल में 100 विकेट पूरे कर लिए हैं। आईपीएल 2020 में बुमराह बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने अब तक 12 मैचों में 20 विकेट लिया है।

पारी के 12वें ओवर की दूसरी गेंद पर बुमराह ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली को सौरभ तिवारी के हाथों कैच करा दिया। इस विकेट के साथ ही बुमराह ने आईपीएल में 100 विकेट पूरे किए। खास बात यह भी रही कि विराट ही आईपीएल में उनका पहला विकेट थे। बुमराह ने साल 2013 में मुंबई इंडियंस की तरफ से आईपीएल में पर्दापण किया था।


मुंबई इंडियंस की तरफ से आईपीएल में पर्दापण करने वाले बुमराह ने अब तक 89 मैचों में 102 विकेट लिया है। फिलहाल सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले बुमराह 15वें नंबर है। अगर तेज गेंदबाजों की बात करें तो लसिथ मलिंगा, ड्वेन ब्रावो, भुवनेश्वर कुमार, उमेश यादव, आशीष नेहरा, जहीर खान, संदीप शर्मा और आर विनय कुमार ने ही 100 या उससे ज्यादा विकेट हासिल किया है।

आईपीएल 2020 में ट्रेंट बोल्ट और बुमराह की जोड़ी कहर ढा रही है। दोनों गेंदबाजों ने मिलकर अब तक 37 विकेट चटकाया है। इसमें बुमराह ने करीब 17 की औसत से 20 विकेट लिया है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ रहा। रॉयल्स के खिलाफ उन्होंने मात्र 20 रन देकर चार विकेट लिया था।


आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड मलिंगा के नाम दर्ज है। उन्होंने 122 मैचों में 170 विकेट लिए हैं। उनके बाद अमित मिश्रा का नंबर आता है जिन्होंने इस सीजन में अपने विकेटों की संख्या 150 मैचों में 160 विकेट पहुंचा दी थी। हालांकि उंगली की चोट के कारण मिश्रा को आईपीएल 2020 से बाहर होना पड़ा। तीसरे नंबर पर चेन्नई सुपरकिंग्स के स्पिनर पीयूष चावला हैं जिन्होंने 164 मैचों में 156 विकेट लिया है। चेन्नई के ही ड्वेन ब्रावो ने 153 और हरभजन सिंह ने 150 विकेट चटकाया है।

Post a Comment

और नया पुराने