आईपीएल के 13वें सीजन में सोमवार को सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच मैच खेला गया। विराट कोहली की कप्तानी वाली आरसीबी ने यह मैच 10 रन से अपने नाम किया। सनराइजर्स हैदराबाद को इस मैच में हार तो मिली साथ ही उसके टॉप ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मिचेल मार्श चोटिल भी हो गए। जब वह बल्लेबाजी करने आए तो बिना खाता खोले ही आउट हो गए। हालांकि सोशल मीडिया पर उनकी काफी तारीफ हो रही है।
मिचेल मार्श को पहले मुकाबले के दौरान गेंदबाजी करते हुए टखने में चोट लगी। आरसीबी पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी। पारी का पांचवां ओवर करने आए मिचेल मार्श. गेंदबाजी करते हुए 28 साल के मार्श का टखना मुड़ गया और उन्हें लड़खड़ाते हुए मैदान से बाहर जाते हुए देखा गया। उनकी जगह विजय शंकर ने ओवर पूरा किया। इसके बाद वह आरसीबी की बल्लेबाजी के दौरान फील्ड पर नहीं उतरे। मार्श की जगह पर फैबियन एलन बतौर सब्स्टीट्यूट फील्डर के रूप में मैदान में आए।
हालांकि जब सनराइजरर्स हैदराबाद की बल्लेबाजी आई तो मार्श नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करने क्रीज पर आए। जब वह आए तब वह अच्छे से चल भी नहीं पा रहे थे। मार्श ओवर की दूसरी ही गेंद पर विराट कोहली को कैच थमा बैठे और बिना खाता लौट गए। मैदान से बाहर जाने के लिए भी उन्हें फीजियो की जरूरत पड़ी। मार्श भले ही रन न बना पाए हों लेकिन उनकी इस बहादुरी ने फैंस को दिल जरूर जीत लिया। ट्विटर पर उनकी तारीफ की गई।
एक टिप्पणी भेजें