सस्ते में पवेलियन लौट कर विराट कोहली ने अपने नाम दर्ज किया शर्मनाक रिकॉर्ड


इंडियन प्रीमियर लीग का दूसरा सुपर ओवर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया। जिसमें विराट कोहली की टीम RCB ने रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई को सुपर ओवर में हरा दिया। RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में तीन विकेट खोकर 201 रन बनाए। मुंबई की टीम भी 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 201 रन ही बना सकी। मुंबई के लिए ईशान किशन ने 58 गेंदों पर 99 रन पारी खेली और नौ छक्कों के अलावा दो चौके मारे। विराट कोहली एक बार फिर से बल्ले से कमाल नहीं दिखा पाए और सस्ते में ही पवेलियन लौट गए। इस मुकाबले में कई रिकॉर्ड बने और विराट के नाम भी एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया। 


IPL के इतिहास में मुंबई इंडियंस की टीम कभी भी 200 रनों से अधिक का लक्ष्य नहीं हासिल कर पाई है। साथ ही RCB के खिलाफ यह पहला मौका था जब मुंबई को सुपर ओवर में हार झेलनी पड़ी। इससे पहले भी मुंबई इंडियंस की टीम ने दो बार सुपर ओवर मुकाबले खेले हैं और दोनों में ही जीत दर्ज की है।


विराट कोहली IPL 2020 में अभी तक 3 मुकाबले खेल चुके हैं, लेकिन उनके बल्ले से कोई बड़ी पारी नहीं निकली है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में भी कोहली का खराब फॉर्म जारी रहा और वो केवल 3 रन बनाकर लेग स्पिनर राहुल चाहर की गेंद पर आउट होकर पवेलियन लौट गए। अबतक खेले तीनों मैच में कोहली कुल 18 रन ही बनाने में सफल रहे हैं।


IPL के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब शुरूआती 3 मैचों को मिलाकर कोहली 20 रन के आंकड़े को नहीं छू पाए हैं। हैदराबाद के खिलाफ पहले मैच में कोहली 14 रन बना पाए थे। वहीं पंजाब के खिलाफ दूसरे मैच में केवल 1 रन ही बनाकर आउट हुए और  मुंबई के खिलाफ तीसरे मैच में 3 रन बनाकर पवेलियन लौटे। 2019 के IPL में अपने शुरूआती 3 मैचों तक कोहली ने 55 रन बना लिए थे।

Post a Comment

और नया पुराने