मौसम विभाग ने राजस्थान के कई जिलों में जारी किया भारी बारिश का अलर्ट


राजस्थान में लो प्रेशर एरिया के असर और ट्रफ लाइन निकलने के कारण भारी बारिश का सिलसिला ल रहा है। मौसम विभाग ने रविवार को 16 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बीते 24 घंटों में सर्वाधिक बारिश प्रदेश के दौसा जिले के महवा में 75 एमएम दर्ज की गई। वहीं कोटा 49 एमएम बारिश हुई।


इधर, चम्बल नदी के ऊपरी क्षेत्र में शनिवार को अच्छी बारिश होने से दोपहर बाद कोटा बैराज में पानी की आवक शुरू हो गई। इसके चलते बैराज के दो गेट खोलकर 5022 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। बैराज का शाम पांच बजे जल स्तर 851.77 था। जवाहर सागर, राणा प्रताप सागर और गांधी सागर बांध में पानी की आवक नगण्य है।


मौसम विभाग ने बताया कि छत्तीसगढ़ व आसपास लगने वाले मध्य प्रदेश के ऊपरी इलाके में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। मानसून सामान्य स्थिति में तथा सक्रिय है। इस परिस्थिति में 30 और 31 अगस्त को पूर्वी राजस्थान में बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है।


मौसम विभाग के अनुसार अजमेर, बांसवाड़ा, भीलवाड़ा, चित्तौडगढ़, डूंगरपुर, दौसा, राजसमंद, सीकर, सिरोही, टोंक, बाड़मेर, पाली, नागौर, जालौर जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Post a Comment

और नया पुराने