
रक्षाबंधन कई राज्य सरकारों ने महिलाओं को खास तोहफा दिया है और राखी के दिन महिलाएं बसों में मुफ्त में यात्रा कर सकती हैं। रक्षाबंधन को लेकर हरियाणा, राजस्थान और बिहार सरकार ने मुफ्त बस यात्रा का ऐलान कर दिया है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अधिकारियों को तैयारी का निर्देश दिया है
हरियाणा
हरियाणा सरकार ने रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं के साथ-साथ 15 साल तक के बच्चों की भी यात्रा फ्री कर दी है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर बताया, 'रक्षाबंधन पर्व पर तोहफा देते हुए इस साल भी मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने प्रदेश की महिलाओं और 15 साल तक के बच्चों के लिए मुफ्त यात्रा सुविधा देने का निर्णय लिया है, ताकि बहनें अपने भाइयों के घर जाकर राखी बांध सके।'
दिल्ली
दिल्ली में पहले से ही महिलाओं के लिए दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा उपलब्ध है। दिल्ली सरकार ने साल 2019 में भैया दूज से बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा शुरू की थी। बसों में महिला यात्री के सफर करने पर पिंक रंग का एक टिकट दिया जाता है, हालांकि उन्हें इसके लिए कोई पैसे नहीं चुकाने होते हैं।
बिहार
बिहार की नीतीश कुमार सरकार ने भी रक्षाबंधन के दिन महिलाओं को मुफ्त सफर का तोहफा दिया है। राखी के दिन महिलाएं बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की सिटी सर्विस की बसों में फ्री में यात्रा कर सकेंगी और सफर करने के लिए किसी तरह का किराया नहीं देना है। बिहार सरकार में परिवहन विभाग की मंत्री शीला कुमारी ने बताया कि सिटी सर्विस की बसों में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने और सुरक्षित सफर के लिए रक्षाबंधन के मौके पर विशेष सुविधा प्रदान की जाएगी।
हरियाणा और बिहार के अलावा राजस्थान ने भी रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा का ऐलान किया है। 22 अगस्त को महिलाएं राजस्थान रोडवेज और जयपुर शहर में लो फ्लोर बसों में मुफ्त में यात्रा कर सकेंगी।


एक टिप्पणी भेजें