कन्नड भाषा को लेकर गूगल से जुड़ा विवाद अभी थमा ही है कि अब अमेज़न के एक कदम से कर्नाटक में उबाल आ गया है। शनिवार को ये पाया गया कि अमेज़न की कनाडा वेबसाइट पर एक ऐसी बिकिनी सेल के लिए उपलब्ध दिखाई गई है, जिसमें कर्नाटक के झंडे के रंग और राज्य चिन्ह बना हुआ था। इसे लेकर कर्नाटक के कन्नड़ और संस्कृति मंत्री अरविंद लिम्बावली ने कहा है कि सरकार कानूनी कार्रवाई करेगी। इसे कन्नड़ लोगों के स्वाभिमान का मामला बताते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार ऐसी चीजों को बर्दाश्त नहीं करेगी और अमेज़न कनाडा से माफी मांगने को कहा।
इससे कुछ समय पहले ही लोगों का गूगल के खिलाफ गुस्सा फूटा था, क्योंकि गूगल पर कन्नड़ को भारत की ‘”सबसे खराब भाषा”’ बताया जा रहा था। लिम्बावली ने कहा है, “हमने हाल ही में गूगल द्वारा कन्नड़ के अपमान का सामना किया है। जख्म भरने से पहले ही, हमने पाया कि अमेज़न कनाडा, कन्नड़ ध्वज के रंग और प्रतीक चिन्ह का महिलाओं के वस्त्रों पर इस्तेमाल कर रहा है।”
उन्होंने शनिवार को ट्वीट किया, “बहुराष्ट्रीय कंपनियां कन्नड़ का बार-बार अपमान बंद करें। यह कन्नडिगों के स्वाभिमान का मामला है और हम ऐसी घटनाओं में वृद्धि को बर्दाश्त नहीं करेंगे।” मंत्री ने कहा, “ अमेज़न कनाडा को कन्नडिगों से माफी मांगनी चाहिए। अमेज़न कनाडा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

एक टिप्पणी भेजें