राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को कोविड-19 के 117 मरीजों की मौत हुई जो कि 15 अप्रैल के बाद एक दिन में इस महामारी से जान गंवाने वालों की सबसे कम संख्या है। इस दौरान दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,072 नए मामले सामने आए जबकि संक्रमण दर घटकर 1.53 प्रतिशत रह गई। इतने ही समय में 3725 मरीज ठीक हुए हैं। दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग ने एक बुलेटिन जारी कर यह जानकारी दी। यह लगातार पांचवां दिन है जब दिल्ली में कोविड-19 के नए मामलों की संख्या दो हजार से कम रही है।
संक्रमण के नए मामलों की संख्या लगातार दूसरे दिन 1500 से नीचे रही है। बुधवार को राजधानी में 70,068 नमूनों की कोविड-19 जांच की गयी। राजधानी में 15 अप्रैल को कोविड-19 के कारण 112 लोगों की मौत हुई थी। दिल्ली में बुधवार को इस महामारी से 130 लोगों की मौत हुई थी जबकि संक्रमण के 1,491 नए मामले सामने आए थे और संक्रमण दर 1.93 प्रतिशत थी।



एक टिप्पणी भेजें