भारत के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से जीतने के बाद ऑस्ट्रेलिया आईसीसी क्रिकेट विश्व कप सुपर लीग की अंकतालिका में पहले नंबर पर पहुंच गया है। वहीं तीन में से दो मैच हारने के बाद टीम इंडिया छठे नंबर पर है। हालांकि टीम इंडिया के लिए राहत की बात ये हो सकती है कि भारत ने ऑस्ट्रेलिया और दूसरे नंबर पर मौजूद इंग्लैंड से तीन मैच कम खेले हैं। ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज के पहले दो मैच जीतने के साथ ही वनडे सीरीज अपने नाम कर ली थी और अब वह नेट रन रेट प्लस 0.357 के साथ टॉप पर पहुंच गई है। भारत -0.717 नेट रन रेट के साथ छठे नंबर पर है।
ऑस्ट्रेलिया ने इससे पहले अपनी पिछली सीरीज इंग्लैंड के खिलाफ 2-1 से जीती थी। 13 टीमों की इस चैम्पियनशिप की शुरुआत इस साल की गई थी, ताकि वनडे क्रिकेट को रोमांचक बनाया जा सके। इसमें शामिल टॉप सात टीमों को 2023 विश्व कप में सीधे प्रवेश मिलेगी। मेजबान होने के नाते भारत को सीधे ही 50 ओवरों के क्रिकेट विश्व कप-2023 में प्रवेश मिल जाएगा। भारतीय टीम ने बुधवार को मनुका ओवल मैदान पर खेले गए आखिरी मैच में आस्ट्रेलिया को 13 रनों से मात दे सम्मानजनक जीत के साथ सीरीज का अंत किया।
सीरीज में जीत से ऑस्ट्रेलिया के 40 अंक हो गए हैं, जिससे उसने इंग्लैंड को पछाड़कर पहला स्थान हासिल किया। इंग्लैंड की टीम अब दूसरे स्थान पर है। भारत ने तीसरा और अंतिम वनडे जीतकर टूर्नामेंट से पहले अंक हासिल किए और टीम नौ अंक से छठे स्थान पर है। आस्ट्रेलिया ने 13 टीम की चैम्पियनशिप की पिछली सीरीज में इंग्लैंड को 2-1 से शिकस्त दी थी। मौजूदा विश्व कप चैम्पियन इंग्लैंड के 30 अंक हैं। उसने चैम्पियनशिप की शुरूआती श्रृंखला में आयरलैंड को 2-1 से हराया था। पाकिस्तान के जिम्बाब्वे के खिलाफ 2-1 की जीत से 20 अंक हैं। जिम्बाब्वे के 10 अंक हैं।



एक टिप्पणी भेजें